मुजफ्फरनगर डबल मर्डर के बाद इंस्टाग्राम पोस्ट वायरल, मोनू गुर्जर की हत्या का बदला लेने का दावा

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र के दादूपुर गांव में 22 नवंबर की रात पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
- मृतकों की पहचान मुख्तियार सिंह और उनके बेटे सुखजिंदर उर्फ काका के रूप में हुई।
- हत्याकांड के दो दिन बाद सोशल मीडिया पर एक इंस्टाग्राम पोस्ट सामने आई।
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में पिता-पुत्र की हत्या के दो दिन बाद मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आने से मामला फिर चर्चा में आ गया है। यह पोस्ट हत्याकांड में नामजद हिस्ट्रीशीटर अंकुल की बताई जा रही इंस्टाग्राम आईडी से शेयर की गई है। पोस्ट में लिखा है, 'जिंदगी तो अपने दम पर ही जी जाती है, दूसरों के कंधे पर तो सिर्फ जनाजे उठाए जाते हैं।' इसी अकाउंट से मोनू गुर्जर की हत्या का बदला पूरा होने का दावा करने वाली पोस्ट भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस अकाउंट और पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।
गवाही से तीन दिन पहले पिता-पुत्र की हत्या
पुरकाजी थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में 22 नवंबर की रात मुख्तियार सिंह और उनके बेटे सुखजिंदर उर्फ काका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में इस दोहरे हत्याकांड को 11 सितंबर 2025 को हुए मोनू गुर्जर हत्याकांड से जुड़ी पुरानी रंजिश के नजरिए से देखा जा रहा है।
मोनू गुर्जर हत्याकांड में सुखजिंदर, उसका भाई बलजिंदर उर्फ सोनू और चाचा करतार सिंह नामजद थे। जेल में रहने के बाद सुखजिंदर और बलजिंदर को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। इसी मामले में 25 नवंबर को अदालत में अहम गवाही होनी थी। गवाही से महज तीन दिन पहले ही मुख्तियार सिंह और उनके बेटे की हत्या कर दी गई।
इंस्टाग्राम पोस्ट में बदला पूरा होने का दावा
हत्याकांड के बाद 'अंकुल मेघा' नाम की इंस्टाग्राम आईडी चर्चा में है। इस अकाउंट पर 104 पोस्ट और 1519 फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। आईडी से साझा की गई एक पोस्ट में जनाजे को लेकर शायरी लिखी गई है, जबकि दूसरी पोस्ट में मोनू गुर्जर की हत्या का बदला पूरा होने का दावा किया गया है।
सोशल मीडिया पर इन पोस्ट के सामने आने के बाद पुलिस और साइबर सेल ने अकाउंट की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह आईडी वास्तव में आरोपी अंकुल की है या किसी दूसरे व्यक्ति ने माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से पोस्ट साझा की हैं। फिलहाल इन पोस्ट के आधार पर किसी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हिस्ट्रीशीटर समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा
मृतक मुख्तियार सिंह के बड़े बेटे बलजिंदर की तहरीर पर पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इनमें मेघा निवासी हिस्ट्रीशीटर अंकुल और अंकित, देवबंद निवासी सचिन त्यागी, दादूपुर निवासी बिल्लू, मोहित, रवि, संजय और सोनू तथा उत्तराखंड के खानपुर थाना क्षेत्र के अय्यापुर निवासी अंकित उर्फ मोती शामिल हैं।
मुख्य आरोपी अंकुल के खिलाफ पहले से ही गंभीर धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
यूपी और उत्तराखंड में छह पुलिस टीमें कर रहीं दबिश
दादूपुर गांव उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छह विशेष टीमें बनाई हैं। ये टीमें दोनों राज्यों में संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस दोहरे हत्याकांड के पीछे की रंजिश, वारदात में शामिल लोगों और आरोपियों के फरार होने के रास्तों की जांच में जुटी है। इसके साथ ही वायरल इंस्टाग्राम पोस्ट की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के सामने अब आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही सोशल मीडिया पोस्ट की वास्तविकता का पता लगाने की चुनौती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.