मुजफ्फरनगर में मेरठ के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र में छह दिन से लापता युवक का शव मिला।
- मृतक की पहचान मेरठ के गांव रावती निवासी 30 वर्षीय अमित के रूप में हुई।
- अमित 19 नवंबर को घर से डेढ़ लाख रुपये लेकर खतौली में सरिया खरीदने निकला था।
मुजफ्फरनगर। मीरापुर क्षेत्र में छह दिनों से लापता मेरठ के एक युवक का शव मंगलवार को भुम्मा नहर पुल के पास सिंचाई विभाग की खंडहर कोठी में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव रावती निवासी 30 वर्षीय अमित पुत्र राजबीर के रूप में हुई है।
बताया गया कि अमित 19 नवंबर को घर से डेढ़ लाख रुपये लेकर मुजफ्फरनगर के खतौली में सरिया खरीदने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने बहसूमा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार को शव मिलने की जानकारी पर परिजनों ने पुलिस पर तलाश में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, भुम्मा गांव निवासी सुरेश अपने पशुओं को चरा रहा था। इसी दौरान उसे भुम्मा गंगनहर पुल के पास स्थित सिंचाई विभाग की खंडहर कोठी में एक पेड़ पर युवक का शव लटका दिखाई दिया। उसने तुरंत पास की पुलिस चौकी पहुंचकर इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर उसकी शिनाख्त कराई। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे अमित के चचेरे भाई आशीष ने बताया कि अमित 19 नवंबर की सुबह घर से डेढ़ लाख रुपये लेकर खतौली में सरिया खरीदने के लिए निकला था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की थी और बहसूमा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया
अमित का शव मिलने के बाद परिजनों ने बहसूमा पुलिस पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि थाने का एक दरोगा अमित के गंगा स्नान के लिए जाने की बात कहता रहा और उसकी तलाश को गंभीरता से नहीं लिया गया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई और मौके पर हंगामा करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
हंगामे की सूचना मिलने पर सीओ ऋषिका सिंह, इंस्पेक्टर इन्दरजीत सिंह और एसआई ओमेंद्र सिंह व मदनपाल सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अमित की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.