दहेज में ब्रेजा कार मांगने वाले दिल्ली पुलिस के सिपाही पर FIR, हुआ सस्पेंड

HIGHLIGHTS
- सोनीपत में शादी के दिन दहेज में ब्रेजा कार की मांग पूरी नहीं होने पर बरात लौटने का मामला सामने आया।
- हरियाणा महिला आयोग ने घटना का स्वतः संज्ञान लेकर FIR दर्ज करने के निर्देश दिए।
- सेक्टर-27 थाना पुलिस ने दिल्ली पुलिस के सिपाही दूल्हे कुलदीप पर केस दर्ज किया।
सोनीपत। शादी के दिन दहेज में ब्रेजा कार की मांग पूरी न होने पर बरात वापस लौटने के मामले में सोनीपत पुलिस ने दूल्हे के खिलाफ केस दर्ज किया है। हरियाणा महिला आयोग ने घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे।
आयोग की चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शी ने कहा है कि दोनों परिवारों के बीच किसी तरह का समझौता होने के बाद भी मामले में सामने आए तथ्यों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। आरोपों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सेक्टर-27 थाना पुलिस ने दिल्ली पुलिस में तैनात दूल्हे कुलदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना 20 नवंबर को मुरथल रोड स्थित मामचंद वाटिका में हुई थी। इस संबंध में दुल्हन के पिता सुभाष कुमार ने सेक्टर-27 थाने में शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक, उनकी बेटी का रिश्ता करीब छह महीने पहले गोहाना के गांधी नगर निवासी कुलदीप से तय हुआ था, जो दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है।
साढ़े नौ लाख रुपये की कार कराई थी बुक
दुल्हन के पिता ने बताया कि शादी के लिए उन्होंने करीब साढ़े नौ लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक कराई थी। हालांकि, आरोप है कि दूल्हा पक्ष ब्रेजा कार लेने की मांग पर अड़ा रहा। मांग पूरी नहीं होने पर शादी किए बिना ही बरात वापस लौट गई।
अब दुल्हन के पिता ने कुलदीप पर एक और आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुलदीप ने अपनी पहली शादी की जानकारी भी उनसे छिपाई थी। पिता के अनुसार, अगर उन्हें इस बारे में पहले पता होता तो वह अपनी बेटी का रिश्ता उससे नहीं करते। इस आरोप के बाद मामले की जांच का दायरा बढ़ सकता है।
वाटिका में घूमते हुए कुलदीप का वीडियो आया सामने
इस मामले से जुड़ा कुलदीप का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह शादी समारोह के लिए तय वाटिका में घूमता नजर आ रहा है। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि कुलदीप शादी से पहले यह देखने के लिए वाटिका पहुंचा था कि वहां उसकी मांग के अनुसार ब्रेजा कार खड़ी है या नहीं।
कुलदीप ने दहेज मांगने के आरोपों को नकारा
वहीं, कुलदीप ने अपने ऊपर लगे दहेज मांगने के आरोपों को निराधार बताया था। उसका कहना है कि उसने न तो ब्रेजा कार की मांग की और न ही किसी तरह का दहेज मांगा। कुलदीप के मुताबिक, विवाद की वजह वाटिका में प्रवेश, कपड़े बदलने की व्यवस्था और आयोजन को लेकर हुआ विवाद था।
उसने लड़की पक्ष पर उसे बंधक बनाने का आरोप भी लगाया था। कुलदीप ने यह भी कहा था कि वह अब भी शादी करने के लिए तैयार है।
पुलिस ने दोनों परिवारों को पूछताछ के लिए बुलाया
सेक्टर-27 थाना पुलिस ने मामले की जांच के लिए दोनों परिवारों को पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों और उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
महिला आयोग के एफआईआर दर्ज करने के निर्देश के बाद पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने भी कुलदीप को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.