कोहरे के चलते यमुना एक्सप्रेसवे पर घटाई गई रफ्तार, अब 75 KM प्रति घंटे की स्पीड लिमिट

HIGHLIGHTS
- कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा घटाई गई।
- अब वाहन अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे।
- इससे पहले एक्सप्रेसवे पर अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी।
लखनऊ। कोहरे के दौरान सड़क हादसों को रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा कम कर दी गई है। अब एक्सप्रेसवे पर वाहन अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ही चल सकेंगे। यह व्यवस्था बुधवार से 15 फरवरी तक लागू रहेगी। इससे पहले यहां वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित थी।
कम दृश्यता के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे के कंसेशनायर जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड को गति सीमा में बदलाव करने के साथ सुरक्षा के अन्य इंतजाम भी मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
वाहन चालकों को सावधानी बरतने के लिए किया जाएगा जागरूक
नई गति सीमा की जानकारी वाहन चालकों तक पहुंचाने के लिए एक्सप्रेसवे के प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके अलावा टोल प्लाजा, प्रवेश और निकास बिंदुओं तथा रोड साइड सुविधाओं पर सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े पर्चे बांटे जाएंगे।
कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने के लिए टोल प्लाजा पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, रेडियो एफएम और बड़े डिस्प्ले बोर्ड के जरिए भी जागरूकता संदेश दिए जाएंगे।
प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे पर लगे खराब रिफ्लेक्टिव टेप को तुरंत बदलने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रवेश और निकास बिंदुओं पर फॉग लाइट लगाने को कहा गया है, ताकि कोहरे और रात के समय सड़क पर बेहतर दृश्यता बनी रहे।
टोल प्लाजा पर भी किए जाएंगे विशेष इंतजाम
शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दौरान एक्सप्रेसवे पर वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। इसे देखते हुए प्राधिकरण ने टोल प्लाजा पर यातायात को सुचारु बनाए रखने और यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.