रेलवे कर्मचारियों के ड्यूटी और आराम के नियमों पर बोर्ड सख्त, जोनल रेलवे को दिए निर्देश

HIGHLIGHTS
- पर्याप्त आराम से कर्मचारियों का स्वास्थ्य, कार्यक्षमता और सतर्कता बनी रहती है।
- सुरक्षित ट्रेन परिचालन के लिए निर्धारित विश्राम अवधि का पालन जरूरी है।
- सभी जोनल रेलवे को ड्यूटी रोस्टर और कार्य समय के नियमों की समीक्षा करनी होगी।
जमशेदपुर। रेलवे कर्मचारियों के काम के निर्धारित घंटे, ड्यूटी रोस्टर और विश्राम की व्यवस्था को लेकर रेलवे बोर्ड ने सख्ती दिखाई है। बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को निर्देश दिया है कि रनिंग स्टाफ सहित अन्य परिचालन श्रेणियों के कर्मचारियों के कार्य समय और आराम से जुड़े नियमों का पूरी तरह पालन कराया जाए।
रेलवे बोर्ड ने साफ किया है कि कर्मचारियों की कमी या परिचालन संबंधी परेशानियों के आधार पर उनके निर्धारित विश्राम के समय में कटौती नहीं की जा सकती।
रेलवे बोर्ड के निदेशक (स्थापना) पीयूष कपासी ने हाल ही में जारी पत्र में बताया कि नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन (एनएफआइआर) ने 17 अक्टूबर 2026 को प्रतिनिधित्व सौंपकर इस मुद्दे को उठाया था। संगठन ने कर्मचारियों की कमी और परिचालन के बढ़ते दबाव के चलते निर्धारित कार्य अवधि, ड्यूटी रोस्टर और विश्राम संबंधी नियमों के पालन में आ रही दिक्कतों पर चिंता जताई थी।
इस पर रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया कि रेलवे अधिनियम, 1989 के अध्याय 14 और रेलवे कर्मचारी कार्य घंटे एवं विश्राम अवधि नियम, 2005 में तय प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन होना चाहिए। इसके साथ ही समय-समय पर जारी किए गए अन्य निर्देश भी प्रभावी रहेंगे।
बोर्ड ने दोहराया कि कर्मचारियों की कमी अथवा परिचालन की जरूरतों का हवाला देकर इन नियमों में किसी तरह की छूट नहीं दी जा सकती।
कर्मचारियों का स्वास्थ्य और सुरक्षित ट्रेन परिचालन प्राथमिकता
रेलवे बोर्ड के अनुसार, कर्मचारियों को पर्याप्त आराम देना उनके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए बेहद जरूरी है। इससे उनकी कार्यक्षमता और सतर्कता बनी रहती है।
विशेष रूप से ट्रेनों के सुरक्षित और कुशल संचालन के लिए कर्मचारियों को नियमों के मुताबिक निर्धारित विश्राम देना आवश्यक है।
सभी जोनल रेलवे में होगी निगरानी व्यवस्था
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को अपने यहां कार्य समय, ड्यूटी रोस्टर और विश्राम से जुड़े नियमों के वास्तविक अनुपालन की समीक्षा करने का निर्देश दिया है।
इसके अलावा प्रत्येक इकाई में निगरानी की व्यवस्था विकसित करने को कहा गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी कर्मचारी को निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए ड्यूटी पर न लगाया जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.