तिरुपरनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम पर बवाल, हिंदू संगठनों और पुलिस के बीच झड़प

HIGHLIGHTS
- तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम में मंगलवार को कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद हुआ।
- दीपथून के बजाय पारंपरिक स्थान पर दीप जलाए जाने से हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता नाराज हुए।
- भाजपा और हिंदू संगठनों के नेताओं ने पहाड़ी पर जाने वाले रास्ते के प्रवेश द्वार पर धरना दिया।
मदुरै। तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम में मंगलवार को कार्तिगई दीपम जलाने के मुद्दे पर विवाद बढ़ गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दीपथून के बजाय पारंपरिक स्थान पर दीप जलाए जाने से नाराज हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं और तमिलनाडु पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, अरुल्मिगु उचिपिल्लैयार मंदिर के ऊपर पारंपरिक तरीके से दीप जलाए जाने के विरोध में भाजपा और अलग-अलग हिंदू संगठनों के नेताओं ने पहाड़ी पर जाने वाले रास्ते के प्रवेश द्वार पर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
पुलिस ने दिखाई सख्ती
प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया और लाठीचार्ज की चेतावनी दी। मौके पर पुलिस की ओर से एक तख्ती भी दिखाई गई, जिस पर लिखा था कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ गैरकानूनी है और उन्हें तुरंत वहां से हट जाना चाहिए, अन्यथा लाठीचार्ज कर उन्हें हटाया जाएगा।
वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भाजपा नेताओं और हिंदू संगठनों के कई सदस्यों को एहतियातन हिरासत में भी लिया।
मद्रास हाई कोर्ट ने दिया सख्त निर्देश
दिन के आखिर में मामले ने नया मोड़ ले लिया। मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै पीठ ने तमिलनाडु सरकार और संबंधित अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
अदालत ने जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त और मंदिर प्रशासन को पहाड़ी की चोटी पर मौजूद दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देने का आदेश दिया। इसके अलावा, हाई कोर्ट ने तिरुपरनकुंद्रम में निषेधाज्ञा के तहत अवैध रूप से हिरासत में लिए गए सभी लोगों को तत्काल रिहा करने का निर्देश भी दिया।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, हिंदू संगठन और श्रद्धालु हर साल कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में बने पत्थर के स्तंभ 'दीपथून' पर पारंपरिक तेल का दीप जलाने की मांग करते हैं।
पहाड़ी के नीचे सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर स्थित है, जबकि इसकी चोटी के पास सिकंदर बादशाह दरगाह और एक शिव मंदिर है। हिंदू पक्ष का दावा है कि करीब 100 साल पुराने दीवानी अदालत के फैसलों में इस स्तंभ को मंदिर का बताया गया है। दूसरी ओर, दरगाह के अधिकारियों और मुस्लिम संगठनों ने पूजा स्थल के बेहद नजदीक होने का हवाला देते हुए यहां दीप जलाने का विरोध किया है।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या दिया था आदेश?
इस मामले में 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दरगाह के पास स्थित 'दीपथून' पर एक बार प्रतीकात्मक रूप से दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, शीर्ष अदालत ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह भी स्पष्ट किया था कि अनुष्ठान केवल अधिकृत टीम ही करेगी।
साथ ही, पहाड़ी की चोटी पर आम लोगों के जाने, जुलूस निकालने और भीड़ जुटाने पर रोक लगाई गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.