Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग के व्यवहार पर सवाल, भारतीय मूल के VP को दी थी ऐसी धमकी

HIGHLIGHTS
- एनवीडिया के पूर्व CEO जेनसन हुआंग के व्यवहार को लेकर रिपोर्ट में कई दावे किए गए।
- 'न्यूयॉर्क पोस्ट' से अंदरूनी सूत्रों ने कंपनी के तनावपूर्ण माहौल का जिक्र किया।
- पिछले साल फरवरी में 30 से अधिक अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक हुई थी।
वाशिंगटन। एनवीडिया (Nvidia) के पूर्व CEO जेनसन हुआंग अपने कथित निजी संबंधों को लेकर चर्चा में हैं। चीन की एक जासूस के साथ अफेयर की खबरों के बीच अब उनके काम करने के तरीके और कंपनी के भीतर कर्मचारियों के साथ व्यवहार को लेकर भी कई दावे सामने आए हैं। जेनसन हुआंग की सार्वजनिक छवि एक शांत, कूल और बिंदास बॉस की रही है, लेकिन कंपनी के अंदर का माहौल इससे अलग बताया जा रहा है।
'न्यूयॉर्क पोस्ट' को कुछ अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि बाहर से सहज और शांत दिखने वाले हुआंग का कंपनी के भीतर व्यवहार काफी सख्त था और उनके नेतृत्व में काम करने का माहौल तनावपूर्ण रहता था।
भारतीय मूल के VP पर भड़के थे जेनसन हुआंग
रिपोर्ट के अनुसार, एनवीडिया के पूर्व CEO जेनसन हुआंग कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर खराब व्यवहार करते थे और गुस्से में उन्हें अपशब्द भी कहते थे। एक घटना में उन्होंने नाराजगी के दौरान एक वरिष्ठ अधिकारी की ओर पानी की बोतल तक फेंक दी थी।
बताया गया है कि पिछले साल फरवरी में जेनसन हुआंग ने कंपनी के 30 से अधिक अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक की थी। इस दौरान वह भारतीय मूल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जे पुरी पर बुरी तरह नाराज हो गए थे।
इस घटना से परिचित एक सूत्र के मुताबिक, 'वर्ल्डवाइड फील्ड ऑपरेशन्स' के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट जे पुरी पर गुस्सा जाहिर करते हुए हुआंग ने कहा था, 'मैं चाहता हूं कि तुम्हें फ्लू हो जाए और तुम्हारी हालत और खराब हो जाए। मैं चाहता हूं कि तुम मर जाओ और हम सबको इस मुसीबत से छुटकारा दिला दो।'
सूत्र ने बताया कि हुआंग का बैठकों में चिल्लाना कोई नई बात नहीं थी, लेकिन उनकी इस टिप्पणी से वहां मौजूद अधिकारी हैरान रह गए और कमरे में सन्नाटा छा गया।
जेनसन हुआंग के सख्त व्यवहार के और भी दावे
एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए बताया गया कि हुआंग ने एक वरिष्ठ अधिकारी को बैठक से बाहर जाने के लिए कह दिया था। खास बात यह थी कि उस अधिकारी की उनके साथ यह पहली ही मीटिंग थी। इस दौरान हुआंग ने चिल्लाते हुए कहा था, 'क्या तुम मुझ पर हंस रहे हो? मुझे यहां बस मुर्दा चेहरे दिख रहे हैं, बाहर निकलो!'
कंपनी के अंदरूनी लोगों ने कैलिफोर्निया के सांता क्लारा स्थित एनवीडिया मुख्यालय की एक और घटना भी बताई। उनके मुताबिक, एक बैठक के दौरान हुआंग ने कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी की ओर पानी की बोतल फेंक दी थी।
वहीं, 'न्यूयॉर्क टाइम्स' में इस सप्ताह प्रकाशित एक लेख में 'द थिंकिंग मशीन' के लेखक स्टीफन विट ने लिखा है कि जेनसन हुआंग का सार्वजनिक रूप से विनम्र दिखाई देना उनके अहंकार को छिपाने का एक तरीका था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.