जम्मू में भारी बारिश के बीच बढ़ा चिनाब का जलस्तर, सलाल बांध के 4 गेट खोले गए

HIGHLIGHTS
- ऊपरी इलाकों में बारिश के कारण सलाल बांध के जलाशय में पानी की आवक बढ़ी।
- जलस्तर और दबाव नियंत्रित करने के लिए चार गेट खोले गए।
- अधिकारी चिनाब नदी के बहाव और बांध के जलस्तर पर लगातार नजर रख रहे हैं।
जम्मू। रियासी में मंगलवार को एक बार फिर चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ गया। ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण सलाल बांध के जलाशय में पानी की आवक बढ़ी है। जलस्तर और दबाव को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों ने बांध के चार गेट खोल दिए।
बांध से पानी को धीरे-धीरे और नियंत्रित तरीके से छोड़ा जा रहा है। लगातार बारिश को देखते हुए अधिकारी सलाल बांध के जलस्तर के साथ चिनाब नदी के बहाव पर भी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। इससे पहले सोमवार को भी पानी की आवक बढ़ने के बाद सलाल बांध के कई गेट खोले गए थे।
1-2 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 1 सितंबर को जम्मू और कठुआ जिले में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि प्रदेश के बाकी सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 2 सितंबर को रियासी में यलो अलर्ट रहेगा।
इसके अलावा राजौरी, ऊधमपुर, जम्मू, कठुआ और सांबा जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि 3 सितंबर से मौसम में सुधार देखने को मिलेगा।
अधिक बारिश से मक्की की फसल खराब होने का खतरा
उधर, सांबा जिले के कंडी, पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से मक्की उत्पादक किसान चिंतित हैं। किसानों को आशंका है कि ज्यादा बारिश के कारण उनकी मक्की की फसल की पैदावार खराब हो सकती है।
मक्की की फसल पर लगने वाली पैदावार की गुदियों में अधिक नमी होने से कीड़े पड़ने लगते हैं। इससे फसल खराब हो जाती है और कीड़े गुदियों को खाने लगते हैं।
किसानों ने मेहनत और महंगा खर्च करके मक्की की फसल लगाई थी और अच्छी पैदावार की उम्मीद की थी। लेकिन पिछले एक सप्ताह से भी अधिक समय से लगातार सुबह हो रही बारिश के कारण फसल की पैदावार खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.