लद्दाख में 8 साल बाद स्थानीय चुनाव, नगर निकाय में 40.57% और पंचायत चुनाव में 63.48% मतदान

HIGHLIGHTS
- लद्दाख में आठ साल बाद नगर निकाय और पंचायत चुनावों के लिए मतदान हुआ।
- नगर निकाय चुनावों में कुल 40.57 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
- पंचायत चुनावों में सरपंच पदों पर 60.18 प्रतिशत मतदान हुआ।
लद्दाख। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में शनिवार को नगर निकाय और पंचायत चुनावों के लिए मतदान जारी रहा। आठ साल के लंबे अंतराल के बाद हो रहे इन स्थानीय चुनावों को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। नगर निकाय चुनावों में कुल 40.57 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि पंचायत चुनावों में सरपंच पदों के लिए 60.18 प्रतिशत और पंच पदों के लिए 63.48 प्रतिशत वोट डाले गए।
5 अगस्त 2019 को लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद यहां पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव कराए जा रहे हैं। इससे पहले क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर राज्य का हिस्सा रहते हुए स्थानीय चुनाव हुए थे। कड़ाके की ठंड और कई क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे रहने के बावजूद सुबह 8 बजे मतदान शुरू होते ही मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे।
नगर निकाय चुनावों की बात करें तो कारगिल नगर परिषद में दोपहर 2 बजे तक 62.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि लेह नगर परिषद में 33.70 प्रतिशत वोट पड़े। लेह नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में मतदान हुआ। वहीं, कारगिल नगर परिषद के कुल 17 वार्डों में से चार में उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
पंचायत चुनावों में संकू क्षेत्र मतदान के मामले में सबसे आगे रहा। यहां सरपंच पदों पर 75.20 प्रतिशत और पंच पदों पर 78.43 प्रतिशत मतदान हुआ। द्रास में सरपंच पदों के लिए 67.89 प्रतिशत और पंच पदों के लिए 70.12 प्रतिशत वोट पड़े। कारगिल में सरपंच पदों पर 65.34 प्रतिशत और पंच पदों पर 68.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिलेवार आंकड़ों के मुताबिक, लेह में सरपंच पदों के लिए 48.10 प्रतिशत और पंच पदों के लिए 44.68 प्रतिशत मतदान हुआ। नुब्रा में पंच पदों पर 77.20 प्रतिशत और सरपंच पदों पर 61.38 प्रतिशत वोट पड़े। जांस्कर में सरपंच पदों के लिए 48.89 प्रतिशत और पंच पदों के लिए 50.72 प्रतिशत मतदान हुआ। शम क्षेत्र में दोनों पदों के लिए क्रमशः 54.81 और 60.68 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। वहीं, चांगथांग में सरपंच पदों पर 49.20 प्रतिशत और पंच पदों पर 45.74 प्रतिशत मतदान हुआ।
दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी लोगों ने लोकतंत्र के इस पर्व में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। भारत के सबसे उत्तरी गांवों में शामिल तुरतुक में मतदाताओं ने पंचायत चुनावों में सक्रिय भागीदारी की। तुरतुक फरूल के मतदाता नियाज महा ने मतदान को लोकतांत्रिक अधिकार बताते हुए लोगों से स्थानीय प्रतिनिधियों के चुनाव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। दूसरी ओर, चांगथांग क्षेत्र के सीमावर्ती गांव फोब्रांग में भी लोग लंबी दूरी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद वोट डालने पहुंचे।
मतदाताओं का कहना था कि स्थानीय चुनावों के माध्यम से उन्हें ऐसे प्रतिनिधि चुनने का मौका मिलता है, जो क्षेत्र की समस्याओं से परिचित हों और सड़क, पानी, बिजली, विकास तथा जनकल्याण जैसे मुद्दों पर काम कर सकें। लद्दाख के सांसद मोहम्मद हनीफा जान ने भी कारगिल नगर परिषद चुनाव में बारू के बियामाथांग मतदान केंद्र पर मतदान किया।
192 पंचायत हलकों में से 55 सरपंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि 137 पदों पर मतदान हुआ। पंच पदों के लिए मैदान में उतरे कुल 1,428 उम्मीदवारों में से 1,186 निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। बाकी 242 पदों के लिए वोटिंग हुई।
लेह के उपायुक्त रोमिल सिंह डोंक ने जिले के अलग-अलग मतदान केंद्रों का दौरा कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान कर्मियों से बातचीत की और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया पारदर्शी, सुगम और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
लद्दाख में अगले चरण के चुनाव के तहत 4 दिसंबर को लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (एलएएचडीसी) के चुनाव होंगे। कारगिल की लोत्सुम सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सैयद बानू और चांगथांग की समद-खरनाक सीट से भाजपा प्रत्याशी दोरजे अंगचुक निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
पहली बार एलएएचडीसी की कुल 100 सीटों में से 36 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। इन चुनावों में कांग्रेस, भाजपा, नेशनल कॉन्फ्रेंस और निर्दलीय उम्मीदवारों समेत कुल 266 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनावों को देखते हुए लद्दाख प्रशासन ने 21 नवंबर और 4 दिसंबर को पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.