दिल्ली में SIR के बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार का तबादला, जम्मू-कश्मीर भेजे गए

HIGHLIGHTS
- दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार का तबादला जम्मू-कश्मीर कर दिया गया है।
- उन्होंने 13 फरवरी 2026 को दिल्ली के CEO का कार्यभार संभाला था।
- करीब नौ महीने के कार्यकाल के बाद उनकी जिम्मेदारी बदल दी गई है।
नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अशोक कुमार का तबादला जम्मू-कश्मीर कर दिया गया है। उन्होंने 13 फरवरी 2026 को दिल्ली के सीईओ के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इस तरह करीब नौ महीने के कार्यकाल के बाद उनका तबादला कर दिया गया है।
30 जून से शुरू हुई थी प्रक्रिया
दिल्ली में एसआईआर अभियान की शुरुआत अशोक कुमार के नेतृत्व में ही हुई थी। 30 जून से शुरू हुए इस अभियान के तहत 17 अगस्त तक मतदाताओं को एन्युमरेशन फॉर्म वितरित करने और उन्हें जमा कराने का काम किया गया था।
47.56 लाख नाम हटने पर हुआ विवाद
इसके बाद 31 अगस्त को जारी मतदाता सूची के मसौदे में करीब 47.56 लाख नाम हटाए जाने से राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर विवाद खड़ा हो गया था।
दिल्ली में कुल करीब 1.45 करोड़ मतदाताओं में से हटाए गए नामों को अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट जैसी श्रेणियों में शामिल किया गया था। यह मामला सुप्रीम कोर्ट में भी विचाराधीन है।
दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी
फिलहाल सीईओ कार्यालय की ओर से हटाए गए मतदाताओं के सत्यापन और उनके नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही दावे और आपत्तियां भी दर्ज की जा रही हैं।
मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए 25 नवंबर तक फॉर्म-6 भरा जा सकता है। अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को जारी की जानी है। हालांकि, सीईओ कार्यालय के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अशोक कुमार का तबादला एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित नहीं है।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी संभालने से पहले अशोक कुमार दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा उनके पास श्रम विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.