बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद से दिया इस्तीफा, पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी को भेजा पत्र

HIGHLIGHTS
- बिहार सरकार के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद से इस्तीफा दे दिया है।
- उन्होंने अपना इस्तीफा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय प्रशासन को भेजा है।
- वह पटना के एएन कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग में सहायक प्राध्यापक थे।
पटना। बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने पटना स्थित एएन कॉलेज में सहायक प्राध्यापक (असिस्टेंट प्रोफेसर) के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दिया है।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों के मुताबिक, इस्तीफे पर फैसला लेने से पहले सभी कानूनी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन शनिवार को निर्णय ले सकता है।
विधान परिषद सदस्यता और शिक्षक पद को लेकर उठा था विवाद
डॉ. अशोक चौधरी के शिक्षक पद पर बने रहने को लेकर उस समय विवाद शुरू हुआ, जब विधान परिषद की सदस्यता और विश्वविद्यालय में उनकी नियुक्ति के कानूनी प्रावधानों पर सवाल उठाए गए। इस मामले में राजभवन की ओर से भी आपत्ति दर्ज कराई गई थी। कानूनी कार्रवाई की आशंका के बीच उन्होंने सहायक प्राध्यापक का पद छोड़ने का फैसला किया।
कुलपति और कुलसचिव ने टिप्पणी करने से किया इनकार
इस्तीफा भेजे जाने के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। कुलपति और कुलसचिव ने भी मामले पर कुछ बोलने से इनकार कर दिया है।
दूसरी ओर, डॉ. अशोक चौधरी ने भी अपने इस्तीफे को लेकर सार्वजनिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है। ऐसे में अब विश्वविद्यालय प्रशासन के अगले कदम पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
17 फरवरी को राजनीति विज्ञान विभाग में किया था योगदान
बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग की ओर से परिणाम घोषित किए जाने के बाद डॉ. अशोक चौधरी ने 17 फरवरी 2026 को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के एएन कॉलेज, पटना के राजनीति विज्ञान विभाग में सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यभार संभाला था। उस समय वह विधान परिषद के सदस्य होने के साथ-साथ राज्य सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे।
योगदान के अगले दिन अवैतनिक अवकाश के लिए किया था आवेदन
शिक्षक पद पर योगदान देने के अगले दिन ही उन्होंने मंत्री और विधान परिषद सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए अवैतनिक अवकाश (लियन) का आवेदन दिया था।
बाद में विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनके इस आवेदन को मंजूरी दे दी थी। लियन से जुड़े इस मामले को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के सिंडिकेट के सामने भी रखा गया था।
19 अगस्त को सिंडिकेट ने खारिज किया था आवेदन
19 अगस्त को आयोजित सिंडिकेट की बैठक में डॉ. अशोक चौधरी के अवैतनिक अवकाश के आवेदन को स्वीकृति नहीं मिली। इसके बाद यह मामला राजभवन तक पहुंच गया। इस घटनाक्रम के बाद उनकी नियुक्ति और अवकाश लेने की पात्रता को लेकर कानूनी सवाल खड़े होने लगे।
31 अक्टूबर को राजभवन ने नियुक्ति पर उठाए थे सवाल
राजभवन ने 31 अक्टूबर को डॉ. अशोक चौधरी की नियुक्ति, परिवीक्षा अवधि और लियन की पात्रता को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद से ही विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले के कानूनी पहलुओं पर विचार कर रहा था। अब सहायक प्राध्यापक पद से उनके इस्तीफे के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन शनिवार को इस संबंध में आगे का फैसला ले सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.