जशपुर में गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 8 गोवंश मुक्त; 6 आरोपी जेल भेजे गए

HIGHLIGHTS
- कुनकुरी पुलिस ने टांगरबहरी मार्ग पर कार्रवाई की।
- अशोक कुमार यादव को आठ गोवंशों के साथ पकड़ा गया।
- आरोपी के पास से मोबाइल और लकड़ी का डंडा जब्त हुआ।
जशपुर। जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत कार्रवाई करते हुए आठ गोवंशों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही पशु तस्करी के दो पुराने मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे पांच अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कुनकुरी थाना पुलिस की टीम ने टांगरबहरी मार्ग पर घेराबंदी कर वासुदेवपुर निवासी अशोक कुमार यादव (37) को आठ गोवंशों के साथ पकड़ा। आरोपी मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया है।
पुराने मामलों में पांच फरार आरोपी गिरफ्तार
सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने पशु तस्करी से जुड़े दो पुराने मामलों में फरार चल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला 6 जनवरी का डूमरटोली क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने 10 गोवंशों को मुक्त कराया था। दूसरा मामला 22 फरवरी का किनकेल क्षेत्र का है, जिसमें चार गोवंशों को मुक्त कराया गया था।
जांच के दौरान साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित की और पांचों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें डूमरटोली निवासी बीरबल राम भगत (45), लोदाम निवासी मोहम्मद अफसर खान (37), खरवाटोली निवासी शाहिद खान (26), मधुबन टोली निवासी मुस्तकीम खान (48) और खरवाटोली निवासी ताजुद्दीन खान (43) शामिल हैं।
अब तक 985 गोवंश मुक्त कराए गए
जशपुर पुलिस के अनुसार ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत जनवरी 2026 से अब तक 86 मामलों में 985 गोवंशों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया जा चुका है। इस अभियान के दौरान 92 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए गए 31 वाहन भी जब्त किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस गोवंश तस्करी को लेकर बेहद संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि तस्करी के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए मुखबिर तंत्र को मजबूत किया गया है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.