कश्मीर के हंदवाड़ा में हिजबुल मुजाहिदीन का मॉड्यूल ध्वस्त, ‘हाइब्रिड आतंकी’ गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- कार्रवाई हंदवाड़ा कस्बे के चिन्हित स्थान पर की गई।
- गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंजूर अहमद भट के रूप में हुई।
- पुलिस के मुताबिक, आरोपी हंदवाड़ा-कुपवाड़ा क्षेत्र में सक्रिय था।
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा में पुलिस ने 21 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और 92वीं बटालियन सीआरपीएफ के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की। इस अभियान में प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े एक संदिग्ध हाइब्रिड आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हिजबुल मुजाहिदीन के एक पूर्व आतंकी को गिरफ्तार किया। उसके पास से चीन निर्मित एक पिस्तौल, दो मैगजीन और 16 कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, हंदवाड़ा-कुपवाड़ा क्षेत्र में उसके हाइब्रिड आतंकी के रूप में सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके बाद हंदवाड़ा पुलिस, 21 आरआर और 92वीं बटालियन सीआरपीएफ ने मिलकर अभियान शुरू किया।
आरोपित की पहचान हुई
हंदवाड़ा कस्बे में एक चिन्हित स्थान पर सुरक्षा घेरा बनाकर तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान क्रूमूरा, हंदवाड़ा निवासी मंजूर अहमद भट पुत्र मोहम्मद सुल्तान भट के रूप में हुई है।
पिस्तौल, दो मैगजीन और 16 कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान मंजूर अहमद भट के कब्जे से पिस्तौल, दो मैगजीन और 16 कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि मंजूर अहमद भट हिजबुल मुजाहिदीन का पूर्व आतंकी है और उसे पहले भी दो मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है।
इस मामले में हंदवाड़ा थाने में एफआईआर संख्या 232 के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां अब मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और क्षेत्र में उसकी गतिविधियों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस अन्य संदिग्धों और उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.