दिल्ली में बड़ा हादसा: जर्जर मकान गिरने से टेंपो चालक की मौत, दो श्रमिक घायल

HIGHLIGHTS
- दिल्ली के स्वरूप नगर में जर्जर मकान गिरने से टेंपो चालक संजय कुमार की मौत, दो श्रमिक घायल।
- मकान तोड़ने के दौरान अचानक ढही दो मंजिला इमारत, पुलिस और दमकल टीम ने चलाया राहत-बचाव अभियान।
- पुलिस ने सुरक्षा मानकों में लापरवाही के मामले में जांच शुरू कर मकान मालिक और ठेकेदार से जानकारी मांगी।
दिल्ली। स्वरूप नगर थाना क्षेत्र के ए-ब्लॉक में शनिवार दोपहर पुराने दो मंजिला मकान को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मकान के निचले हिस्से को हटाते समय अचानक पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबा उठाने पहुंचे टेंपो चालक संजय कुमार की मौत हो गई, जबकि मकान तोड़ने का काम कर रहे दो श्रमिक रोहित और महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सुरक्षा मानकों में लापरवाही के मामले में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ए-ब्लॉक की गली नंबर चार में करीब 50 गज के पुराने मकान को स्थानीय निवासी जयप्रकाश नए निर्माण के लिए तुड़वा रहे थे। शुक्रवार को मशीन की सहायता से मकान की ऊपरी मंजिल गिराई गई थी। शनिवार को निचले हिस्से को तोड़ने का काम चल रहा था। दोपहर के समय कुछ मजदूर बाहर बैठकर खाना खा रहे थे, जबकि रोहित और महेंद्र मकान के अंदर सीढ़ी और अन्य हिस्सों को तोड़ने में लगे हुए थे।
इसी दौरान मलबा उठाने के लिए टेंपो चालक संजय कुमार भी मौके पर मौजूद था। करीब तीन बजे अचानक मकान ढह गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। स्वरूप नगर थाना पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से दमकलकर्मियों ने मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला और उन्हें बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद संजय कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल रोहित और महेंद्र का अस्पताल में इलाज जारी है। मृतक संजय मूल रूप से उन्नाव का रहने वाला था, जबकि घायल श्रमिक रोहित और महेंद्र भलस्वा के निवासी बताए गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शी सन्नी ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब दो मजदूर सीढ़ी तोड़ने का काम कर रहे थे। अचानक मकान गिरने के बाद चारों ओर धूल का गुबार फैल गया। वहीं श्रमिक शत्रुघ्न ने बताया कि हादसे में तीन लोग मलबे की चपेट में आ गए, जबकि दो लोग सुरक्षित बच गए।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मकान तोड़ने के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की बात सामने आई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि जर्जर इमारत को गिराने के लिए संबंधित विभाग से जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि हाल में हुई बारिश के कारण सीलन से मकान कमजोर तो नहीं हो गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.