जिम संचालक कपिल रेड्डू मर्डर केस में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी रोहित मुठभेड़ में घायल

HIGHLIGHTS
- कपिल रेड्डू हत्याकांड में वांछित आरोपी रोहित और सीआईए-2 टीम के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार।
- जांच में रोहित की हत्या की साजिश में अहम भूमिका सामने आई, हथियार उपलब्ध कराने और रेकी करने का आरोप।
- पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े नेटवर्क और अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
हांसी। शहर के चर्चित रेड जिम संचालक कपिल रेड्डू हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार देर रात गांव पुठी मंगल खां के पास सीआईए-2 टीम और हत्या मामले में वांछित आरोपी रोहित के बीच मुठभेड़ हुई।
बताया जा रहा है कि जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। वहीं, पुलिस वाहन पर भी गोली लगने की सूचना है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, भिवानी जिले के गांव भुरटाना निवासी रोहित किसी काम से पुठी मंगल खां की ओर जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर कप्तान सिंह के नेतृत्व में सीआईए-2 की टीम ने उसकी घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा हुआ देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
हत्या की साजिश में रोहित की अहम भूमिका
सूत्रों के अनुसार, 11 जून को फव्वारा चौक के पास हुई कपिल रेड्डू की हत्या की साजिश में रोहित की अहम भूमिका सामने आई है।
जांच में सामने आया है कि उसने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार उपलब्ध कराए थे और कपिल रेड्डू की रेकी भी की थी। इसके अलावा उसका संपर्क मामले के मुख्य आरोपी सुंदर से भी बताया जा रहा है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाने में लगी है।
गोलियां मारकर की गई थी कपिल रेड्डू की हत्या
गौरतलब है कि 11 जून की सुबह फव्वारा चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने कपिल रेड्डू पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी थी।
इस हत्याकांड में इससे पहले करीब 15 दिन पहले हिसार निवासी दो मुख्य आरोपी प्रवेश और हिमांशु हरियाणा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बहादुरगढ़ के पास हुई मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं।
पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं की गई है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड से जुड़े अहम तथ्यों का खुलासा किया जा सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.