सिवनी होटल कांड पर CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, एएसपी और एसडीओपी समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित

HIGHLIGHTS
- सिवनी के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ से जुड़ा मामला सामने आया है।
- होटल संचालक संजय सनोडिया ने पुलिसकर्मियों पर हर महीने 50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया।
- आरोप है कि होटल में ठहरे बालिग युवक-युवतियों को गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ में ठहरे युवक-युवतियों को गांजे के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने और होटल संचालक से हर महीने 50 हजार रुपये मांगने के आरोप लगाए गए हैं। मामले से संबंधित सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त कदम उठाया है। प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर उन्होंने एएसपी, एसडीओपी समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने को कहा है।
होटल संचालक ने लगाया हर महीने 50 हजार रुपये मांगने का आरोप
होटल संचालक संजय सनोडिया का आरोप है कि कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक निरीक्षक विजय तिवारी उनसे हर महीने 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि होटल में रुकने वाले बालिग युवक-युवतियों के बैग में गांजा रखकर उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जाती थी।
होटल संचालक के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज 13 नवंबर की शाम का है। फुटेज वायरल होने के बाद यह मामला इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में आ गया।
सीसीटीवी फुटेज में होटल के भीतर दिखे पुलिसकर्मी
वायरल सीसीटीवी फुटेज में एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, हेड कांस्टेबल नवीन तिवारी, एएसपी के ड्राइवर सलमान खान और गनमैन कृष्णा तिवारी होटल के अंदर नजर आ रहे हैं।
इसके अलावा, होटल को किराए पर चलाने वाले एक युवक ने भी कुछ दिन पहले पुलिस अधिकारियों पर मारपीट करने के आरोप लगाए थे। इन घटनाओं के सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठने लगे।
मामले के सामने आने के बाद सिवनी एसपी कृष्ण लालचंदानी ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर दिया था। इसके साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश भी दिए गए थे। अब मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद एएसपी और एसडीओपी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है।
सीएम मोहन यादव बोले- वर्दी में कदाचार बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने साफ कहा कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सबसे महत्वपूर्ण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था संभालने वाले हर अधिकारी और कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ काम करने की अपेक्षा की जाती है। सरकार कदाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.