मंडी में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते कानूनगो-पटवारी और सहायक गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मंडी के गोहर क्षेत्र में विजिलेंस ने रिश्वतखोरी के आरोप में कानूनगो, पटवारी और सहायक को गिरफ्तार किया।
- जमीन म्यूटेशन के बदले 2 लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप, एक लाख रुपये लेते सहायक रंगे हाथ पकड़ा गया।
- तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज, जांच जारी।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोहर क्षेत्र में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस टीम ने कानूनगो, पटवारी और उनके सहायक को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन का म्यूटेशन कराने के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। टीम ने सहायक को एक लाख रुपये की पहली किस्त लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पूछताछ के आधार पर कानूनगो और पटवारी को भी गिरफ्तार किया गया।
एक लाख रुपये लेते सहायक को पकड़ा
शिकायतकर्ता पूर्ण चंद ने विजिलेंस में शिकायत दी थी कि कानूनगो बंसी लाल और पटवारी अरुण धीमान ने म्यूटेशन की प्रक्रिया पूरी करने के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी है। शिकायत के अनुसार, पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये लेने के लिए दोनों अधिकारियों ने अपने सहायक ललित कुमार को भेजा था।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने आरोपों का सत्यापन किया और गोहर में ट्रैप लगाया। जैसे ही ललित कुमार ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत ली, विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद आगे की कार्रवाई करते हुए कानूनगो बंसी लाल और पटवारी अरुण धीमान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बताया जा रहा है कि कानूनगो बंसी लाल कुछ ही दिनों में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। विजिलेंस थाना मंडी में तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सभी आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। डीएसपी विजिलेंस प्रियंक गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान रिश्वत मांगने की पूरी साजिश, इसमें शामिल अन्य लोगों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की विस्तृत जांच की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.