रामबन में अमरनाथ यात्रियों की बस में लगी भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित

HIGHLIGHTS
- रामबन के करोल क्षेत्र में अमरनाथ यात्रियों की बस में टायर फटने के बाद आग लग गई।
- बस में सवार 54 लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
- आग में यात्रियों का सामान जल गया, प्रशासन ने उनके लिए जरूरी मदद की व्यवस्था की।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के करोल इलाके में वीरवार दोपहर अमरनाथ यात्रियों से भरी एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। सुरक्षाबलों, पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों की तत्परता से बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
अधिकारियों के अनुसार, राजस्थान के श्रद्धालुओं को लेकर स्लीपर बस (आरजे27पीसी-9921) श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही थी। करोल क्षेत्र के पास अचानक बस का एक टायर फट गया, जिसके बाद देखते ही देखते बस में आग फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, सेना, सीआरपीएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, सिविल क्विक रिस्पांस टीम और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीमों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और आग के पूरी बस को अपनी चपेट में लेने से पहले ही सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया।
बस में सवार 47 यात्रियों के अलावा चालक और परिचालक समेत कुल 54 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे में किसी श्रद्धालु के घायल होने की सूचना नहीं है।
आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मी झुलसा
बस में लगी आग को नियंत्रित करने के दौरान दमकल विभाग के जवान एसजीसीटी मनहर लाल भट्ट झुलस गए। उन्हें जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर किया गया। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
यात्रियों का सामान जलकर हुआ राख
आग इतनी तेज थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई। यात्रियों का सामान और अन्य निजी वस्तुएं भी बस के साथ जल गईं। श्रद्धालुओं के पास केवल उनके पहने हुए कपड़े ही बच पाए।
रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की। प्रशासन की ओर से प्रभावित श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई। इसके बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस से आगे की यात्रा के लिए जम्मू रवाना कर दिया गया।
एलजी मनोज सिन्हा ने भी घटना की जानकारी ली और प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.