कांवड़ यात्रा को लेकर मीरापुर पुलिस अलर्ट, शांति समिति की बैठक में दिए जरूरी दिशा-निर्देश

HIGHLIGHTS
- मीरापुर थाने में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित हुई।
- कांवड़ शिविरों की जगह, डीजे नियम और सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने दिशा-निर्देश जारी किए।
- पुलिस ने शांतिपूर्ण यात्रा के लिए लोगों से सहयोग और अफवाहों से बचने की अपील की।
मुजफ्फरनगर: मीरापुर में कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार शाम थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने की, जिसमें कांवड़ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ चर्चा की गई।
बैठक में कांवड़ मार्ग की सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और कांवड़ शिविरों सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श हुआ। सीओ ऋषिका सिंह ने कांवड़ संघों, ग्राम प्रधानों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को यात्रा के दौरान बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में तय किया गया कि कांवड़ शिविर मुख्य सड़कों से पर्याप्त दूरी पर लगाए जाएंगे। शिविरों को सड़क से कम से कम 20 मीटर दूर लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीजे को लेकर भी प्रशासन ने नियम स्पष्ट कर दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि डीजे पर सिर्फ धार्मिक गीत और भगवान शिव से जुड़े भजन ही बजाए जा सकेंगे। डीजे की ऊंचाई 10 से 12 फीट तक सीमित रखी जाएगी। तेज आवाज में डीजे बजाने या आपत्तिजनक गाने चलाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कांवड़ यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई को लेकर भी विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। सीओ ने नगर पंचायत मीरापुर को कस्बे क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने को कहा, जबकि ग्रामीण इलाकों में ब्लॉक कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सीओ ऋषिका सिंह ने बैठक में मौजूद लोगों से अपील की कि कांवड़ यात्रा को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में इंस्पेक्टर मीरापुर राजीव शर्मा, इंस्पेक्टर क्राइम सुनील कुमार मिश्रा, एसएसआई महेंद्र गौतम, कस्बा इंचार्ज ओमेंद्र सिंह समेत पुलिस विभाग के अधिकारी, नगर पंचायत और ब्लॉक कर्मचारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का भरोसा दिलाया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.