बदायूं में विधायक आशुतोष मौर्य की कार दुर्घटनाग्रस्त, चार लोग घायल

HIGHLIGHTS
- एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया, विधायक और चालक को मामूली चोटें आईं।
- दूसरी कार में सवार बैंक कैशियर अरविंद मिश्रा गंभीर रूप से घायल हुए।
- पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
बदायूं। बिसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू रविवार को हुए सड़क हादसे में घायल हो गए। वह एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बगरैन जा रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे के पास बिसौली मार्ग पर उनकी कार सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई। हादसे में विधायक समेत चार लोग घायल हुए हैं।
यह दुर्घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव बनकोटा के पास गंगा एक्सप्रेसवे के नजदीक हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। हादसे में विधायक आशुतोष मौर्य, उनके चालक मुकेश यादव और गनर देव सिंह को मामूली चोटें आईं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को घर भेज दिया।
विधायक आशुतोष मौर्य गांव बगरैन में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम और कलश यात्रा में शामिल होने जा रहे थे।
दूसरी कार में सवार कैशियर भी घायल
हादसे में दूसरी कार में सवार अरविंद कुमार मिश्रा, कैशियर जिला सहकारी बैंक आसफपुर, शिव कुमार मौर्य, कैशियर बिसौली, धर्मेंद्र कुमार सिंह, कैशियर सहसवान और राहुल कुमार, बदायूं में आयोजित गुरु पूजन कार्यक्रम में जा रहे थे।
इनमें अरविंद कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद परिजन चंदौसी लेकर गए।
मौके पर पहुंचे समर्थक, यातायात हुआ प्रभावित
हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक के समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
सीओ बिसौली अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि विधायक आशुतोष मौर्य की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। हादसे में विधायक, उनके गनर और चालक को मामूली चोटें आई हैं। दूसरी कार में सवार अरविंद मिश्रा घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी सुरक्षित हैं। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.