मुंबई: नालासोपारा में गणेश प्रतिमा ले जाते समय हादसा, मूर्ति के नीचे दबे 4 लोग

HIGHLIGHTS
- प्रतिमा को बारिश से बचाने के लिए उस पर प्लास्टिक डालने की कोशिश की जा रही थी।
- हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंच गए।
- स्थानीय लोगों ने मिलकर मूर्ति हटाकर चारों लोगों को बाहर निकाला।
मुंबई। महाराष्ट्र के नालासोपारा से शनिवार शाम एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। गणेश जी की प्रतिमा को कारखाने से पंडाल ले जाते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और भारी मूर्ति नीचे गिर गई। इस दौरान चार लोग प्रतिमा के नीचे दब गए। हालांकि राहत की बात रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
तेज बारिश के बीच बिगड़ा मूर्ति का संतुलन
घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे नालासोपारा पश्चिम के यशवंत गौरव इलाके की है। यहां गणेश उत्सव की तैयारियां चल रही थीं और एक गणेश मंडल के सदस्य प्रतिमा को कारखाने से मंडप की ओर ले जा रहे थे।
इसी दौरान अचानक तेज बारिश होने लगी। प्रतिमा को बारिश से बचाने के लिए कुछ भक्त उस पर प्लास्टिक डालने लगे। बारिश और इस दौरान हुई आपाधापी के बीच प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया और भारी-भरकम मूर्ति अचानक जमीन पर गिर गई।
मूर्ति के नीचे दबे चार लोग
प्रतिमा के अचानक गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें मूर्ति गिरने के बाद कुछ लोगों के उसके नीचे दबे होने की स्थिति दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पहुंचकर बचाया
हादसा होते ही आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। स्थानीय नागरिकों ने मिलकर भारी मूर्ति को उठाया और उसके नीचे दबे चारों लोगों को बाहर निकाला।
लोगों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.