मुजफ्फरनगर: वृद्ध पिता को प्रभाव में लेकर जमीन हड़पने का आरोप, पीड़ित परिवार ने SSP से लगाई गुहार

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में पारिवारिक संपत्ति विवाद को लेकर महिला एसएसपी कार्यालय पहुंची।
- वृद्ध पिता को प्रभाव में लेकर जमीन हड़पने की साजिश का लगाया आरोप।
- दिवंगत भाई के बच्चों की संपत्ति की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग।
मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र के गांव सिमर्थी से पारिवारिक संपत्ति विवाद का मामला सामने आया है। बुधवार को एक महिला अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और शिकायत देकर एक व्यक्ति पर करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने की साजिश का आरोप लगाया।
पीड़िता का आरोप है कि भाई की मौत के बाद एक व्यक्ति ने उनके वृद्ध पिता को अपने प्रभाव में लेकर पहले कृषि भूमि का कथित रूप से फर्जी बैनामा करा लिया और अब दिवंगत भाई के बच्चों की संपत्ति पर भी नजर रखी जा रही है।
वृद्ध पिता को अलग रखने का आरोप
एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में गांव निवासी रेखा देवी पत्नी लाखन सिंह ने बताया कि उनके भाई नरेश पुत्र वेद सिंह की 6 जून 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। महिला ने आरोप लगाया कि भाई की मौत के बाद बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिससे परिवार के मन में कई सवाल खड़े हो गए।
रेखा देवी का कहना है कि गांव का ही मनोज नामक व्यक्ति उनके पिता वेद सिंह को अपने साथ रख रहा है और उन्हें परिवार के अन्य सदस्यों से दूर कर दिया गया है।
जमीन के बैनामे में धोखाधड़ी का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि इसी दौरान 23 अप्रैल 2024 को गांव लालपुर भोकरहेड़ी स्थित कृषि भूमि का बैनामा मनोज की पत्नी पूनम त्यागी के नाम करा दिया गया। उनका दावा है कि यह प्रक्रिया पिता की वास्तविक सहमति के बिना धोखे से कराई गई।
पीड़िता ने आशंका जताई कि अब आरोपी की नजर पुरकाजी स्थित उस मकान पर है, जो उनके दिवंगत भाई नरेश की संपत्ति है और जिस पर उनके तीन नाबालिग बच्चों का अधिकार है।
निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
एसएसपी कार्यालय पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कथित फर्जी बैनामे की जांच, वृद्ध वेद सिंह को किसी भी दबाव से मुक्त कराने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
परिजनों ने यह भी मांग की कि विवादित संपत्तियों के संबंध में किसी भी तरह के हस्तांतरण या कब्जे की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए, ताकि बच्चों के अधिकार सुरक्षित रह सकें।
महिला ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो दिवंगत भाई के बच्चों के संपत्ति संबंधी अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.