मुजफ्फरनगर: चरथावल में नहर में डूबने से अधेड़ की मौत, गोताखोरों ने निकाला शव

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के बिरालसी गांव में नहर में डूबने से 55 वर्षीय राजवीर की मौत हो गई।
- पुलिस और गोताखोरों ने तलाश अभियान चलाकर नहर से शव बरामद किया।
- परिजनों ने पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया।
मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव में गुरुवार शाम एक हादसा हो गया। नहर में नहाने गए 55 वर्षीय अधेड़ की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास के बाद शव को नहर से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, बिरालसी गांव निवासी राजवीर (55) पुत्र अंतू गुरुवार शाम गांव के पास से गुजर रही नहर में नहाने गए थे। नहाते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें डूबता देखकर शोर मचाया और बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
गोताखोरों ने चलाया तलाश अभियान
सूचना मिलते ही चरथावल प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी सतीश और हेड कांस्टेबल दिनेश ने स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नहर में तलाश अभियान शुरू कराया।
काफी देर की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने राजवीर के शव को नहर से बाहर निकाल लिया।
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया ने बताया कि शव मिलने के बाद परिजन उसे अपने साथ घर ले गए। परिजनों ने फिलहाल किसी भी कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
पुलिस ने आवश्यक लिखापढ़ी की कार्रवाई पूरी कर ली है। वहीं, मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.