मुजफ्फरनगर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, पैर में गोली लगने से शातिर चोर घायल; साथी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र में पुलिस और दो शातिर चोरों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ।
- पुलिस ने घायल बदमाश समेत उसके साथी को गिरफ्तार कर चोरी के बिजली के तार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए।
- पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, मामले की जांच जारी है।
मुजफ्फरनगर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार रात करीब 10 बजे थाना नई मंडी पुलिस और दो शातिर चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को जंगल में चलाए गए कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया बिजली का सामान, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
CO नई मंडी सुनील कुमार के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति स्कूटरनुमा रेहड़े में चोरी किए गए बिजली के जले हुए तार लेकर नसीरपुर से गढ़ी गांव की ओर जा रहे हैं। सूचना के बाद थाना नई मंडी पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया।
कुछ समय बाद पुलिस टीम को संदिग्ध रेहड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने जब आरोपियों को रुकने का इशारा किया तो दोनों रेहड़ा छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने आरोपियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान सरताज पुत्र सत्तार निवासी मदीना कॉलोनी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
वहीं, उसका साथी फुरकान पुत्र अकबर निवासी हाजीपुर जंगल की ओर भाग गया। पुलिस ने तुरंत कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। घायल सरताज को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा, 315 बोर का एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और चोरी किए गए बिजली के जले हुए तारों से भरा रेहड़ा बरामद किया है। पुलिस बरामद सामान के संबंध में जांच कर रही है कि इसे किन-किन स्थानों से चोरी किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, घायल आरोपी सरताज के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उसके साथी फुरकान के खिलाफ भी चोरी के कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.