मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद वांछित बदमाश तालिब गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में नई मंडी थाना पुलिस और बदमाश तालिब के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
- पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया।
- आरोपी पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में वांछित बदमाश तालिब घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीओ नई मंडी सुनील कुमार ने बताया कि बागोवाली चौकी के सामने एनएच-58 पर पुलिस टीम नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मेरठ की तरफ से आ रहे एक स्कूटी सवार युवक को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर आरोपी ने वाहन मोड़ा और कच्चे रास्ते से भागने का प्रयास किया।
गन्ने के खेत में छिपकर की फायरिंग
भागते समय भट्टे के पास स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर पास के गन्ने के खेत में घुस गया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन वह गोली चलाता रहा।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी तालिब पुत्र महबूब, निवासी ककराला थाना भोपा, पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
चोरी की स्कूटी और तमंचा बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की एक स्कूटी, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने और आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तालिब लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, चोरी, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने और गैंगस्टर एक्ट समेत डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.