मुजफ्फरनगर: तालाब की भूमि पर निर्माण की शिकायत, जांच पूरी होने तक प्रशासन ने लगाई रोक

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के जानसठ में तालाब की भूमि पर कथित निर्माण को लेकर शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
- जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील और नगर पंचायत अधिकारियों की टीम ने मौके का निरीक्षण कर रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
- जांच पूरी होने तक विवादित भूमि पर निर्माण कार्य रोक दिया गया है, रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरनगर। जानसठ नगर क्षेत्र में तालाब की भूमि पर निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से इस भूमि पर निर्माण से जुड़ी रसीद जारी की गई। शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील प्रशासन और नगर पंचायत की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, जानसठ के मोहल्ला जन्नताबाद निवासी मो. आसिफ फरीदी पुत्र नूर मोहम्मद ने मुख्यमंत्री कार्यालय और जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को शिकायत भेजकर मामले की जांच कराने की मांग की थी। शिकायत में उन्होंने तालाब की भूमि पर निर्माण की अनुमति और जारी की गई रसीद की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई थी।
शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण कराया। नायब तहसीलदार विपिन कुमार, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी नीलम पांडेय और राजस्व विभाग की टीम ने पहुंचकर भूमि की स्थिति देखी। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी लेने के साथ ही संबंधित दस्तावेजों और राजस्व अभिलेखों की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने जांच पूरी होने तक निर्माण गतिविधियों को रोकने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने से पहले किसी भी तरह का नया निर्माण नहीं किया जाएगा।
तहसीलदार जानसठ श्रद्धा गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच प्रक्रिया चल रही है। भूमि से जुड़े रिकॉर्ड और मौके की स्थिति का मिलान किया जा रहा है। जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मामले की जांच शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों में भी प्रशासन की कार्रवाई को लेकर चर्चा है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.