मुजफ्फरनगर: प्राइवेट टीचर से गैंगरेप, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, 4 पर केस दर्ज

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के रतनपुरी क्षेत्र में एक निजी स्कूल शिक्षिका ने दो युवकों पर अपहरण, दुष्कर्म और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है।
- पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।
- पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल की शिक्षिका ने दो युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया, जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया।
शिक्षिका ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे थे और उसे मदरसे ले जाने की बात कहते थे। उसने विरोध किया तो आरोपियों ने धमकी देने और मारपीट करने का आरोप भी लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो युवकों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अप्रैल में अपहरण कर वारदात का आरोप
पुलिस के अनुसार, रतनपुरी क्षेत्र की रहने वाली युवती एक निजी स्कूल में पढ़ाती है। पीड़िता ने बुधवार को परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि अप्रैल महीने में गांव के वसीम और जावेद ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए और नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद दोनों आरोपी उसे जंगल में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। घटना के बाद बदनामी और डर के कारण उसने काफी समय तक यह बात परिवार को नहीं बताई।
वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
शिक्षिका का आरोप है कि घटना के बाद से आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे परेशान कर रहे थे। उसने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया और साथ चलने के लिए मजबूर किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी और मारपीट करने का आरोप भी लगाया गया है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि 14 जुलाई को दोपहर के समय आरोपियों ने उसे दोबारा बुलाया और उसके साथ गलत हरकत की। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर पड़ने पर आरोपी मौके से भाग गए। इसके बाद उसने अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी।
चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने वसीम, जावेद, वसीम की मां और बहन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, जावेद मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव है, जबकि वसीम निजी स्कूल में शिक्षक बताया जा रहा है।
पीड़िता का आरोप है कि बुधवार सुबह आरोपी पक्ष के कुछ लोग उसके घर पहुंचे और मामला खत्म करने के लिए पैसे देने की बात कही, लेकिन उसने शिकायत वापस लेने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने जांच और गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाईं
रतनपुरी थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते हैं और उनके घरों के बीच करीब 500 मीटर की दूरी है।
बुढ़ाना क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.