मुजफ्फरनगर: रिश्तेदार ही निकला चोर, खाला के घर से उड़ाए लाखों के जेवर; पुलिस ने दबोचा

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के खालापार में जेवर चोरी का खुलासा, पुलिस ने पीड़ित परिवार के रिश्तेदार को गिरफ्तार किया।
- आरोपी के कब्जे से करीब 2 किलो चांदी और 15 ग्राम सोने के आभूषण बरामद, साथ में मोबाइल फोन भी मिला।
- रिश्तेदारी का फायदा उठाकर की थी चोरी, आरोपी घर में रखे जेवरों की जगह से परिचित था और बेचने की फिराक में था।
मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र में हुई लाखों रुपये के जेवरों की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गुरुवार शाम की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब दो किलो चांदी के आभूषण, लगभग 15 ग्राम सोने के जेवर और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, दक्षिणी खालापार निवासी जीनत अमान ने 28 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी हो गए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई और घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना पर सूजडू रोड स्थित हड्डी गोदाम के पास से शाहनवाज पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी खादरवाला को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किए गए जेवर और मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पीड़ित परिवार से रिश्तेदारी का संबंध है और वह अक्सर उनके घर आता-जाता था। इसी वजह से उसे घर में रखे कीमती सामान और अलमारी में रखे जेवरों की जानकारी थी। आरोपी ने बताया कि 24 जून को परिवार मोहर्रम कार्यक्रम के लिए बाहर गया हुआ था। घर खाली देखकर उसने अलमारी में रखे आभूषण चोरी कर लिए।
थाना खालापार प्रभारी बबलू कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी चोरी के जेवरों को बेचने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। बरामद आभूषणों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके मालिक को वापस सौंपा जाएगा। आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.