मुजफ्फरनगर: सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा

HIGHLIGHTS
- कांवड़ यात्रा के दौरान पूरा शिव चौक "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंज उठा।
- हरेंद्र मलिक ने कांवड़ यात्रा को सेवा, समर्पण, सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक बताया।
- कार्यक्रम में सपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे और शिवभक्तों का अभिनंदन किया।
मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार शाम करीब 7:30 बजे ऐतिहासिक शिव चौक पर श्रद्धा और स्वागत का माहौल देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा शिव चौक "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंजता रहा।
इस अवसर पर सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण, सामाजिक समरसता और भाईचारे का भी संदेश देती है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी शिवभक्तों की सकुशल यात्रा और उनकी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालु कठिन परिस्थितियों में पैदल यात्रा कर बाबा भोलेनाथ के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट करते हैं। ऐसे श्रद्धालुओं का सम्मान करना और उनकी सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, सपा नेता चौधरी इलम सिंह गुर्जर, राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, रविकांत त्यागी, बॉबी त्यागी, सोमपाल कोरी, शमशेर मलिक और धर्मेंद्र नीटू सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और यात्रा के सफलतापूर्वक संपन्न होने की कामना की।
इस दौरान सपा नेताओं ने कांवड़ यात्रा को सुचारु रूप से संपन्न कराने में जुटे पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सेवा शिविर संचालकों के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सेवा में सभी लोग पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं, जो प्रशंसनीय है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.