इकरा हसन पर बयान को लेकर नंद किशोर गुर्जर का जवाब, बोले- समाज की एकता की बात करना गलत कैसे?

HIGHLIGHTS
- सपा मीडिया सेल ने नंद किशोर गुर्जर के बयान को शर्मनाक और अक्षम्य बताया।
- विधायक ने कहा कि उन्होंने समाज को जोड़ने की बात कही है।
- नंद किशोर गुर्जर ने इकरा हसन के गुर्जर समाज की बेटी बताने का जिक्र किया।
यूपी: समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल की ओर से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के बयान पर निशाना साधे जाने के बाद विधायक ने एक बार फिर अपनी बात दोहराई है। सपा मीडिया सेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनकी टिप्पणी को शर्मनाक और अक्षम्य बताया था। इसके जवाब में नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि उन्होंने समाज को जोड़ने की बात कही है। उन्होंने सवाल किया कि समाज की एकता की बात करना आखिर गलत कैसे हो सकता है।
नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि कैराना से सपा सांसद इकरा हसन लगातार खुद को गुर्जर समाज की बेटी बताती हैं। इसी को आधार बनाकर उन्होंने कहा था कि यदि वह गुर्जर समाज की बेटी हैं तो हिंदू गुर्जर समाज में विवाह कर एकता का संदेश दें। विधायक ने सपा पर मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप भी लगाया और अपने जवाब में कई अन्य मुद्दों का जिक्र किया।
विधायक ने सपा पर लगाया महिला विरोधी होने का आरोप
नंद किशोर गुर्जर ने सपा को महिला विरोधी बताते हुए पार्टी नेताओं के पुराने बयानों और हाल की घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेताओं ने गुर्जर और जाट समाज की बेटियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और दुष्कर्म के आरोपियों का बचाव किया। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी एक मौलाना के खिलाफ नहीं बोलने का आरोप लगाया।
विधायक ने लोनी में हाल ही में दो बेटियों के साथ दुराचार की घटना का भी जिक्र किया। उनका आरोप है कि इस मामले पर समाजवादियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोपियों का एनकाउंटर कर इंसाफ दिलाया और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी दी।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने सहारनपुर में आयोजित एक जनसभा के दौरान कैराना से सपा सांसद इकरा हसन के निजी जीवन और विवाह को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि अगर इकरा हसन पहल करें तो गुर्जर समाज उनका विवाह किसी योग्य हिंदू गुर्जर युवक से कराने के लिए तैयार है।
विधायक ने कहा था कि गुर्जर समाज ने इकरा हसन को हमेशा अपनी बेटी माना है। उन्होंने कहा था कि यदि इकरा हसन किसी हिंदू युवक से शादी करती हैं तो समाज उन्हें अपने परिवार की बेटी मानेगा। साथ ही उन्होंने कहा था कि अगर वह तैयार हों तो उनकी पसंद के अनुसार योग्य युवक से उनका विवाह कराया जाएगा।
समाजवादी पार्टी ने किया पलटवार
इसी बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने सोशल मीडिया पर नंद किशोर गुर्जर को निशाने पर लिया। सपा मीडिया सेल ने अपनी पोस्ट में कहा कि महिला सांसद इकरा हसन के खिलाफ भाजपा विधायक की टिप्पणी शर्मनाक और अक्षम्य है। पोस्ट में यह भी कहा गया कि गुर्जर समाज में बहन-बेटियों को इस तरह अपमानित करने वाले व्यक्ति को माफ नहीं किया जाता।
इसके बाद नंद किशोर गुर्जर ने सपा मीडिया सेल की पोस्ट का जवाब देते हुए अपने बयान को फिर दोहराया और इसे समाज को जोड़ने की बात बताया। उन्होंने कहा कि इकरा हसन खुद को गुर्जर समाज की बेटी कहती हैं, इसलिए उन्होंने हिंदू गुर्जर समाज में शादी करके एकता का परिचय देने की बात कही थी। इसके अलावा उन्होंने अपने जवाब में सपा की नीतियों और इकरा हसन से जुड़े कई आरोप भी उठाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.