मुजफ्फरनगर में सपा का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

HIGHLIGHTS
- प्रदर्शन के लिए सपा कार्यकर्ता महावीर चौक स्थित पार्टी कार्यालय से निकले।
- पुलिस ने पार्टी कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया।
- प्रदर्शनकारी कचहरी गेट के पास डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचे।
मुजफ्फरनगर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। करीब 12 बजे कार्यकर्ता महावीर चौक स्थित पार्टी कार्यालय से नारेबाजी करते हुए कचहरी की ओर रवाना हुए। पुलिस ने पार्टी कार्यालय के बाहर ही उन्हें रोकने का प्रयास किया और कुछ समय तक बाहर नहीं निकलने दिया। हालांकि बाद में कार्यकर्ताओं को आगे जाने दिया गया।
नारे लगाते हुए सपा कार्यकर्ता कचहरी गेट के पास डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचे। यहां पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच कुछ कार्यकर्ता झांसी की रानी की तरफ से पुतला लेकर आगे बढ़े। पुलिस को सामने देखकर उन्होंने आंबेडकर प्रतिमा से पहले ही पुतला जलाने का प्रयास किया।
पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुतला अपने कब्जे में ले लिया। मौके पर सिविल ड्रेस में तैनात एक सिपाही पुतला लेकर टाउनहॉल की ओर जाता दिखाई दिया। वहीं, दूसरे पुलिसकर्मियों ने आग लगी लकड़ी भी अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुतले की जगह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तस्वीर में आग लगा दी। पुलिस ने तस्वीर भी छीन ली और आग बुझा दी।
पुतला और तस्वीर जलाने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इस दौरान एक सपा कार्यकर्ता का कुर्ता फट गया। सपा महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पूजा अंबेडकर के साथ भी धक्का-मुक्की हुई। सपा की ओर से महिलाओं और कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी का आरोप लगाया गया है। प्रदर्शन के दौरान सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी और विधायक पंकज मलिक भी मौजूद रहे।
प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता वापस पार्टी कार्यालय की ओर लौट गए। सपा ने यह प्रदर्शन ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत किया। पार्टी पहले से ही मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की जांच की मांग करती रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.