उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, राज्य दर्जे पर जोर

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर प्रदेश के राज्य दर्जे की बहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर से जुड़े कई प्रशासनिक और विकासात्मक विषयों पर चर्चा की और केंद्र से विशेष सहयोग की मांग की।
मुख्यमंत्री ने राज्य का दर्जा जल्द बहाल करने के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, विकास परियोजनाओं में तेजी लाने और पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की प्रगति के लिए केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग बेहद आवश्यक है।
इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के लंबे कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें लगातार 12 वर्षों तक देश का नेतृत्व करने पर बधाई भी दी। उन्होंने इसे भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की, जिसमें उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ हुई बातचीत में राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिनमें राज्य का दर्जा बहाल करने, आर्थिक सुधार, रोजगार सृजन, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे विषय शामिल रहे।
वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में भी इस मुलाकात की पुष्टि की गई। बयान में कहा गया कि बैठक में जम्मू-कश्मीर के विकास कार्यों को गति देने और जनता के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.