साकेत कोर्ट का बड़ा फैसला, AAP पार्षद अरुण नवारिया का चुनाव रद्द, BJP के नरेश घोषित विजेता

HIGHLIGHTS
- साकेत कोर्ट ने AAP पार्षद अरुण नवारिया का चुनाव रद्द किया।
- वर्ष 2022 में पुष्प विहार वार्ड संख्या 166 से निर्वाचित हुए थे अरुण नवारिया।
- अदालत ने दूसरे स्थान पर रहे BJP नेता नरेश को विजेता घोषित किया।
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के पुष्प विहार वार्ड संख्या 166 से वर्ष 2022 में आम आदमी पार्टी (आप) के टिकट पर पार्षद चुने गए अरुण नवारिया का निर्वाचन साकेत कोर्ट ने निरस्त कर दिया है। अदालत ने चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नरेश को विजयी घोषित किया है।
हलफनामे में सजा की जानकारी छिपाने पर रद्द हुआ चुनाव
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल ने अपने फैसले में कहा कि नामांकन के दौरान दाखिल हलफनामे में सजा से संबंधित जानकारी छिपाना भ्रष्ट आचरण की श्रेणी में आता है। यह मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ है। अदालत ने कहा कि मतदाताओं को यह जानने का पूरा अधिकार है कि वे जिस उम्मीदवार को अपना प्रतिनिधि चुनने जा रहे हैं, उसका आपराधिक इतिहास क्या रहा है।
चुनाव में किस उम्मीदवार को मिले थे कितने वोट?
मामले के मुताबिक, 4 दिसंबर 2022 को हुए नगर निगम चुनाव में पुष्प विहार वार्ड से अरुण नवारिया को कुल 13,721 वोट मिले थे। वहीं, भाजपा उम्मीदवार नरेश 10,114 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। इसके अलावा लक्ष्मी चंद को 2,328 और प्रवीण कुमार को 427 वोट मिले थे।
नरेश ने चुनाव परिणाम को चुनौती देते हुए अदालत में याचिका दाखिल की थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि अरुण नवारिया ने वर्ष 2010 में अंबेडकर नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी संख्या 11/2010 से जुड़े मामले में मिली सजा की जानकारी नामांकन दाखिल करते समय छिपाई थी।























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.