सेमीकॉन इंडिया 2026 का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, बोले- भारत पर दुनिया का भरोसा बढ़ रहा

HIGHLIGHTS
- कार्यक्रम में 600 से अधिक एग्जिबिटर हिस्सा ले रहे हैं।
- सम्मेलन में 300 इंटरनेशनल कंपनियां शामिल हुई हैं।
- 50 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधिमंडल कार्यक्रम में पहुंचे हैं।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (17 सितंबर, 2026) को नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन किया। तीन दिवसीय इस सम्मेलन का उद्देश्य भारत में सहयोग, निवेश, इनोवेशन और टैलेंट डेवलपमेंट को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में 600 से अधिक एग्जिबिटर, 300 इंटरनेशनल कंपनियां और 50 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधिमंडल हिस्सा ले रहे हैं।
इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, "आज विश्वकर्मा जयंती भी है, मैं सभी देशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। हमारी परंपरा में भगवान विश्वकर्मा को निर्माण और सृजन की शक्ति का प्रतीक माना गया है और संयोग देखिए, आज से ही SEMICON India की शुरुआत हो रही है। एक तरफ हमारी सदियों पुरानी निर्माण की परंपरा और दूसरी तरफ 21वीं सदी की टेक्नोलॉजी और विजन... यही आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की प्रेरणा भी है।"
पीएम मोदी ने की भारत के विकास पर बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगर पिछले 15 दिनों पर नजर डाली जाए तो भारत की तेज प्रगति और उसकी दिशा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा, "इस सितंबर में मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट आयोजित किया गया। इसमें एजेंटिक एआई, टोकनाइजेशन और क्वांटम टेक्नोलॉजी के जरिए समावेशी वित्त पर चर्चा हुई।"
उन्होंने आगे कहा, "इसी दौरान पूरे भारत में लगभग 3,000 किलोमीटर के डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पूरी तरह से चालू हो गए। इससे माल की ढुलाई तेज होगी, लॉजिस्टिक्स बेहतर होगा और हमारा मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर मजबूत होगा। इसी महीने भारत की तिमाही जीडीपी के आंकड़े भी जारी किए गए। मुश्किल वैश्विक माहौल के बावजूद भारत ने 7.8% की विकास दर दर्ज की। साथ ही जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भारत की सॉवरेन रेटिंग को अपग्रेड किया। यह अपग्रेड 35 साल बाद मिला है।"
'इकोनॉमी भी बढ़ रही और भरोसा भी'
पीएम मोदी ने कहा, "एक तरफ भारत की इकोनॉमी बढ़ रही है, दूसरी तरफ भारत पर दुनिया का भरोसा भी बढ़ता जा रहा है। विकसित भारत बनाने के लिए हर देशवासी एक कमिटमेंट के साथ जुटा है। अगर हम बीते 15 दिनों को ही देखें तो अंदाजा लगता है, भारत किस दिशा में किस तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी चिप्स अब भारत के प्लांट से देश और दुनिया भर के ग्राहकों तक पहुंच रही हैं।"
उन्होंने कहा, "हाल ही में मोहाली और सूरत में दो सेमीकंडक्टर प्लांट में कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू हुआ है। किसी भी देश के लिए इस स्तर तक पहुंचना आसान नहीं है। सेमीकंडक्टर सेक्टर दूसरे उद्योगों से बहुत अलग है, जहां फैक्ट्री बनने के तुरंत बाद प्रोडक्शन शुरू हो सकता है। यहां तकनीकी क्षमताएं और विशेषज्ञता विकसित करने में दशकों लग जाते हैं।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "हमारा प्रयास है कि भारत में फैबलैस कंपनियों की ग्रोथ और intellectual properties का क्रिएशन भी भारत में हो। अलग-अलग टाइप के कंपाउंड सेमीकंडक्टर बनाना हो, सिलिकॉन फोटोनिक्स को सिस्टम का हिस्सा बनाना हो, एआई इनेबलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ये सब जरूरी है और इस दिशा में हमें मिलकर आगे बढ़ना होगा। इसके लिए जो फाउंडेशन चाहिए, वह तैयारी हो चुकी है।"
पीएम मोदी ने बताया कि सरकार एक लाख इंजीनियरिंग छात्रों को सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के लिए ट्रेन करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। इनमें से 70 हजार युवाओं को प्रशिक्षण दिया भी जा चुका है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.