यूपी में दिव्यांगजन पेंशन बढ़ाने की तैयारी, गोरखपुर में सीएम योगी ने दिया भरोसा

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के कार्यक्रम में पेंशन राशि बढ़ाने का आश्वासन दिया।
- प्रदेश में दिव्यांगजन पेंशन पहले 300 रुपये प्रति माह थी।
- पेंशन को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 500 रुपये और फिर 1000 रुपये किया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजन पेंशन की राशि में एक बार फिर बढ़ोतरी की तैयारी कर रही है। गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पेंशन राशि बढ़ाने का आश्वासन दिया। प्रदेश में दिव्यांगजनों को पहले 300 रुपये प्रति माह पेंशन मिलती थी, जिसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 500 रुपये और फिर 1000 रुपये किया गया। अब पेंशन राशि में दोबारा इजाफा करने की तैयारी है। इससे प्रदेश के लाखों पेंशनभोगियों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।
सभी 18 मंडलों में स्थापित होंगे पुनर्वास केंद्र
दिव्यांगजनों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रदेश के सभी 18 मंडलों में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। गोरखपुर के सीतापुर आई हॉस्पिटल परिसर में इस केंद्र की शुरुआत हो चुकी है।
इसके अलावा दृष्टिबाधित और मूकबधिर बच्चों के लिए संचालित राजकीय विद्यालयों, मनोविकास केंद्रों और कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से प्रशिक्षण एवं आश्रय की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। कम उम्र के बच्चों के लिए 'बचपन डे केयर सेंटर' का विस्तार भी योजना में शामिल है।
विधानसभा स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर, कॉक्लियर इंप्लांट के लिए सहायता
वर्ष 2026-27 में प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य पेंशन और अन्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से अब तक वंचित दिव्यांगजनों को इनसे जोड़ना है।
अब तक 17 लाख से अधिक दिव्यांगजनों की डिजिटल पहचान यानी यूडीआईडी कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसके साथ ही कॉक्लियर इंप्लांट के लिए अधिकतम छह लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता और स्पीच थेरेपी में सहयोग दिया जा रहा है।
दिव्यांग युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सीएम युवा, पीएम स्वनिधि और मुद्रा जैसी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.