राहुल गांधी ने सहयोगी नेताओं से की बात, SIR विवाद पर आज राष्ट्रपति भवन तक मार्च की तैयारी

HIGHLIGHTS
- विपक्षी सांसदों का दिल्ली में लगातार तीसरे दिन विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
- राहुल गांधी ने ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और उद्धव ठाकरे से दिल्ली आने का आग्रह किया।
- राष्ट्रपति भवन से विपक्षी नेताओं को अब तक मुलाकात का समय नहीं मिला है।
- विपक्ष ने 7, 8 या 9 अक्टूबर में मुलाकात के लिए समय मांगा था।
नई दिल्ली। एसआईआर-वोट चोरी विवाद को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रहे विपक्षी आईएनडीआइए गठबंधन ने अब अपना राजनीतिक दबाव और बढ़ा दिया है।
राजधानी दिल्ली में विपक्षी सांसदों का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन जारी रहने के बीच अब आईएनडीआइए गठबंधन के शीर्ष नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करने की तैयारी में हैं।
ममता-अखिलेश और तेजस्वी-उद्धव से राहुल ने की बात
राष्ट्रपति भवन की ओर से विपक्षी नेताओं को अभी मुलाकात का कोई समय नहीं दिया गया है। हालांकि, राहुल गांधी ने ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और उद्धव ठाकरे समेत आईएनडीआइए गठबंधन के प्रमुख नेताओं को राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए दिल्ली आने को कहा है।
विपक्ष ने स्पष्ट किया है कि अगर राष्ट्रपति से मिलने का समय नहीं मिला तो विपक्षी सांसद शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन तक मार्च करेंगे। माना जा रहा है कि विपक्षी गठबंधन के नेताओं की राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए राहुल गांधी ने गुरुवार को इन वरिष्ठ नेताओं से फोन पर बात की और दिल्ली आने का आग्रह किया।
तृणमूल कांग्रेस-एम की प्रमुख ममता बनर्जी ने गुरुवार को कोलकाता से दिल्ली रवाना होने से पहले अप्रत्यक्ष रूप से इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के मुद्दे को लेकर एक महत्वपूर्ण विषय के मद्देनजर उन्हें राजधानी आने के लिए कहा गया है।
दुर्गापूजा के समय के बावजूद ममता बनर्जी दिल्ली जा रही हैं। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि राष्ट्रपति भवन को दो अक्टूबर को ही पत्र भेजकर मुलाकात का अनुरोध किया गया था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने मुलाकात के लिए आने वाले नेताओं के नाम मांगे थे।
राष्ट्रपति भवन तक मार्च की तैयारी
इसके बाद पांच अक्टूबर को नेताओं के नाम के साथ दोबारा अनुरोध भेजा गया और सात, आठ या नौ अक्टूबर में से किसी दिन मुलाकात का समय देने की मांग की गई। हालांकि, अब तक राष्ट्रपति भवन की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है।
लोकसभा में टीएमसी के नेता अभिषेक बनर्जी ने राजघाट पर विपक्ष के तीसरे दिन के विरोध प्रदर्शन के बाद कहा कि राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए पहले ही लिखित अनुरोध किया जा चुका है और उन्हें सकारात्मक जवाब मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है तो विपक्षी सांसद पैदल मार्च करते हुए राष्ट्रपति भवन पहुंचेंगे और राष्ट्रपति से मुलाकात की मांग करेंगे। पिछले सप्ताह एसआईआर-वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्ष के संयुक्त आंदोलन के ऐलान के दौरान ही आईएनडीआइए गठबंधन ने राष्ट्रपति से मुलाकात करने का फैसला किया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.