गर्मी की छुट्टियों में रेलवे की सौगात, 80 से अधिक समर स्पेशल ट्रेनें शुरू

नई दिल्ली। गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे ने बड़ी राहत देने का फैसला किया है। रेलवे प्रशासन ने देश के विभिन्न हिस्सों के लिए 80 से अधिक रिजर्व ‘ट्रेन ऑन डिमांड’ समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। ये विशेष ट्रेनें जुलाई 2026 तक अलग-अलग मार्गों पर चलाई जाएंगी।
उत्तर रेलवे का कहना है कि छुट्टियों के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। जरूरत पड़ने पर ट्रेनों की संख्या और फेरे भी बढ़ाए जा सकते हैं।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि नई दिल्ली, आनंद विहार और दिल्ली क्षेत्र के अन्य प्रमुख स्टेशनों से कई अतिरिक्त ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। नई दिल्ली से हावड़ा के लिए ट्रेन संख्या 04048, 04050 और 04052 चलाई जा रही हैं। इसके अलावा दरभंगा के लिए 02570 और 04464, पटना के लिए 03294 और 04088 तथा गया के लिए 04064 जैसी विशेष सेवाएं यात्रियों को उपलब्ध कराई गई हैं।
रेलवे ने लंबी दूरी के यात्रियों की सुविधा के लिए भी विशेष इंतजाम किए हैं। निजामुद्दीन से पुणे के लिए ट्रेन संख्या 01492, अयोध्या से जबलपुर के लिए 01706 और आनंद विहार से रांची के लिए 02878 जैसी ट्रेनें भी इस योजना के तहत चलाई जा रही हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कुछ स्पेशल ट्रेनें 1 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन संचालित होंगी, जबकि कुछ ट्रेनें सप्ताह में एक, दो, तीन या चार दिन चलेंगी। यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन की संचालन तिथि और समय की जानकारी अवश्य जांचने की सलाह दी गई है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सभी समर स्पेशल ट्रेनें आरक्षित श्रेणी की हैं। इनके टिकट रेलवे के कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों के साथ-साथ आईआरसीटीसी पोर्टल पर भी उपलब्ध हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले एनटीईएस ऐप या 139 हेल्पलाइन के माध्यम से ट्रेन की अद्यतन स्थिति और समय सारिणी की पुष्टि कर लें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.