मुजफ्फरनगर में बारिश का कहर, मकान गिरने से 4 बच्चों समेत 5 की मौत; दो घायल

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में बारिश के कारण कच्चा मकान अचानक ढह गया।
- हादसे में मकान के मलबे में दबकर चार बच्चों की मौत हो गई, जिससे गांव में मातम छा गया।
- ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, लेकिन मलबे से बच्चों को बचाया नहीं जा सका।
मुजफ्फरनगर जिले में रविवार को लगातार हो रही बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया. फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया. हादसे के समय परिवार के कई सदस्य घर के अंदर मौजूद थे और देखते ही देखते सभी मलबे में दब गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. राहत और बचाव कार्य शुरू करने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई. घंटों की मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया.
इस दर्दनाक हादसे में 52 वर्षीय इस्लामुद्दीन, उनका आठ महीने का बेटा जीशान, दो वर्षीय आहद, पांच वर्षीय अलशिफा और करीब 12 वर्षीय रुकसार को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी.
दो बच्चियां गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में परिवार की दो अन्य बच्चियां रुकैया और सुमैया भी गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में पुलिस और प्रशासन का सहयोग किया. आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए.
बारिश से कमजोर हुआ मकान, राहत कार्य में जुटा प्रशासन
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चा मकान कमजोर हो गया था. इसी वजह से वह अचानक भरभराकर गिर गया. हालांकि प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है.
घटना के समय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और राहत-बचाव अभियान की निगरानी करते रहे. मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया गया.
बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर विकास ने बताया कि हबीबपुर गांव से कुल सात लोगों को अस्पताल लाया गया था. इनमें इस्लामुद्दीन, जीशान, आहद, अलशिफा और रुकसार मृत अवस्था में पहुंचे, जबकि रुकैया और सुमैया घायल थीं. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया. फिलहाल, प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं.
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.