‘CM योगी ने जो कहा, उसे पूरा किया’, लखनऊ में राजनाथ सिंह ने की मुख्यमंत्री की तारीफ

HIGHLIGHTS
- कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे
- 12 परियोजनाओं पर करीब 101 करोड़ रुपये खर्च होंगे
- केंद्र और राज्य सरकार के साथ मिलकर विकास कार्य आगे बढ़ाने की बात
लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ में हुए विकास कार्यों में सबसे बड़ा सहयोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो कहा, उसे पूरा किया। लखनऊ से जुड़े हर काम में उन्होंने खुलकर सहयोग दिया और समय-समय पर इसकी समीक्षा भी की। राजनाथ सिंह ने कहा कि जब केंद्र और राज्य सरकार की सोच एक दिशा में होती है, तो विकास की रफ्तार स्वाभाविक तौर पर कई गुना बढ़ जाती है।
रक्षा मंत्री रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ लखनऊ छावनी के लिए करीब 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और भूमि पूजन कार्यक्रम में जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार, रक्षा मंत्रालय और उद्योग जगत मिलकर विकास के काम को आगे बढ़ा रहे हैं। उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करता रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि 10-12 साल पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज भारत जब अपनी बात रखता है तो पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का मतलब केवल बड़ी परियोजनाएं और आधुनिक इमारतें नहीं हैं। इसका अर्थ है कि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले, हर परिवार तक स्वच्छ पानी पहुंचे, युवाओं को खेल और अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलें तथा दिव्यांग बच्चों को यह महसूस न हो कि वे समाज से पीछे हैं। विकसित भारत की यात्रा बड़े शहरों से निकलकर हर मोहल्ले, बस्ती और परिवार तक पहुंचनी चाहिए।
तीन से पांच मंजिल तक निर्माण की राह खुली
राजनाथ सिंह ने कहा कि समय के साथ शहरों और लोगों की जरूरतों में बदलाव आता है, इसलिए नियमों में भी बदलाव जरूरी है। लखनऊ सहित छावनी क्षेत्रों में नई व्यवस्था लागू की गई है। पहले जहां तीन मंजिल तक निर्माण की अनुमति थी, अब पांच मंजिल तक निर्माण की इजाजत दी गई है।
उन्होंने कहा कि लखनऊ छावनी अपनी विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं के साथ तेजी से आगे बढ़ेगी।
ब्रिटिश काल के बाजारों को मिली नई पहचान
रक्षा मंत्री ने कहा कि बदलाव सिर्फ इमारतों में नहीं, बल्कि पहचान में भी होना चाहिए। लखनऊ छावनी में ब्रिटिश काल से चले आ रहे कुछ बाजारों के नाम बदलकर स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक चेतना और राष्ट्रसेवा से जुड़े व्यक्तित्वों के नाम पर रखे गए हैं।
12 परियोजनाएं नहीं, 12 संकल्प
राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ छावनी के लिए आज का दिन महत्वपूर्ण है। करीब 101 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी ये 12 परियोजनाएं लखनऊ कैंट के भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के जरिए स्वच्छ छावनी, बेहतर जलापूर्ति, बच्चों के बेहतर भविष्य, युवाओं को खेल और अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर, सम्मानजनक नागरिक सुविधाओं और आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ती छावनी का संकल्प पूरा किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.