‘सपा सरकार बनी तो बंद स्कूल फिर खुलेंगे’, अखिलेश यादव का ऐलान

HIGHLIGHTS
- सरकारी स्कूलों में पीडीए समाज के लोगों के पढ़ने की बात कही
- सपा सरकार बनने पर पीडब्ल्यूडी विभाग का ऑडिट कराने की बात कही
- अखिलेश ने सड़कों पर गड्ढों को लेकर सवाल उठाए
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जिन स्कूलों को बंद किया गया है, सपा की सरकार बनने पर उन्हें दोबारा खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पीडीए समाज के लोग पढ़ते हैं। सपा की सरकार आने पर पीडीए समाज को उसकी आबादी के हिसाब से अधिकार दिया जाएगा। अखिलेश यादव रविवार को सपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बचे हुए महीनों में एक लाख नौकरियां देने की बात कह रहे हैं, लेकिन अब समय ही कितना बाकी रह गया है। अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर पीडब्ल्यूडी विभाग का भी ऑडिट कराया जाएगा और बताया जाएगा कि कितना माल कमाया गया है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर गड्ढे हैं और सिंचाई विभाग में भी घोटाला हुआ है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मंदिर के बाहर भीख मांगने वाला भिखारी भी मंदिर में चोरी नहीं करता, लेकिन इन लोगों ने मंदिर में दान का धन भी चुरा लिया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग धर्मद्रोही और अधर्मी हैं। अखिलेश ने कहा कि जनता अब इंतजार कर रही है और लोग अब इन्हें बर्दाश्त करने वाले नहीं हैं।
दूसरे प्रदेशों के अपराधी आकर यूपी में अपराध कर रहे
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति ऐसी है कि दूसरे प्रदेशों के अपराधी यहां आकर वारदात करते हैं और बुलडोजर वाली सरकार कुछ नहीं करती। उन्होंने कहा कि लगता है कि दोनों की साझेदारी है। अखिलेश ने भाजपा पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया और कहा कि जनता को मिलावटी पेट्रोल बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि त्योहार आते ही चीनी महंगी कर दी गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.