दिल्ली के साकेत में पांच मंजिला इमारत ढही, कई लोगों के फंसे होने की आशंका

नई दिल्ली के दक्षिणी इलाके साकेत के सैदुलअजाइब क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। बताया जा रहा है कि इमारत में पीजी, कैफे और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। वीकेंड होने के कारण अंदर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी की आशंका जताई जा रही है, जबकि करीब 70 से 80 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
राहत और बचाव कार्य तेज
घटना की सूचना शाम करीब 7:44 बजे दिल्ली फायर सर्विस को मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती चरण में तीन वाटर टेंडर और एक इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम को भेजा गया, जिसके बाद राहत कार्य को तेज करने के लिए अतिरिक्त संसाधन भी लगाए गए।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। अब तक पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि बाकी लोगों की तलाश जारी है।
डॉग स्क्वॉयड की मदद से जारी सर्च ऑपरेशन
मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए डॉग स्क्वॉयड की मदद ली जा रही है। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। मौके पर स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में मदद करते नजर आए।
इमारत में चल रही थीं कई गतिविधियां
स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत में पीजी, कैफे और एक लाइब्रेरी संचालित थी। बताया जा रहा है कि ग्राउंड फ्लोर पर स्थित लाइब्रेरी में उस समय कई मेडिकल छात्र मौजूद थे। इमारत करीब 15 साल पुरानी थी और बाद में इसमें अतिरिक्त मंजिलें जोड़ी गई थीं।
संरचनात्मक कमजोरी की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से दो मंजिला इमारत पर बाद में तीन अतिरिक्त मंजिलें बनाई गई थीं, जिससे ढांचे पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया और वह अचानक ढह गई।
अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
एम्स ट्रॉमा सेंटर में अब तक 12 घायलों को भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक मरीज वेंटिलेटर पर है, जबकि दूसरा गंभीर सदमे की स्थिति में है।
मुख्यमंत्री रख रहीं लगातार नजर
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि सभी एजेंसियां युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.