कानपुर में स्कूल बस और मौरंग लदे डंपर की भिड़ंत, विज्ञान शिक्षिका की मौत; 10 लोग घायल

HIGHLIGHTS
- बस में पांच छात्रों समेत 35 शिक्षक-शिक्षिकाएं सवार थे।
- सभी घाटमपुर स्थित चीना पब्लिक स्कूल जा रहे थे।
- बस चालक ने डंपर से बचने के लिए वाहन को सड़क से नीचे उतारा था।
कानपुर। बिधनू के हरबसपुर गांव में पंचायत भवन के सामने शुक्रवार सुबह गांधी जयंती के कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। घाटमपुर स्थित चीना पब्लिक स्कूल जा रही शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्रों से भरी बस की सामने से आ रहे तेज रफ्तार मौरंग लदे डंपर से टक्कर हो गई। हादसे में बस की पिछली खिड़की की शीट पर बैठी विज्ञान शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि दस लोग घायल हुए हैं। इनमें दो शिक्षक-शिक्षिका की हालत गंभीर बताई गई। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एलएलआर अस्पताल रेफर किया गया।
कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे शिक्षक और छात्र
घाटमपुर स्थित चीना पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को गांधी जयंती कार्यक्रम आयोजित होना था। इसमें शामिल होने के लिए पांच छात्रों समेत 35 शिक्षक-शिक्षिकाएं बस से स्कूल जा रहे थे। बर्रा निवासी बस चालक अर्जुन ने बताया कि वह नौबस्ता बंबा, बिनगवां और बिधनू कस्बे से स्टाफ व छात्रों को बैठाकर घाटमपुर स्थित स्कूल की ओर जा रहा था।
हरबसपुर पंचायत भवन के पास सामने से तेज रफ्तार और अनियंत्रित मौरंग लदा डंपर आता दिखाई दिया। चालक ने बस को सड़क से नीचे उतारकर डंपर से बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद डंपर बस के दाहिने हिस्से से टकरा गया और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
शिक्षिका ने अस्पताल में तोड़ा दम
टक्कर के दौरान खिड़की की शीट पर बैठी बर्रा निवासी 30 वर्षीय विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव के सिर और चेहरे में कांच घुस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में करीब आधा दर्जन अन्य छात्र और शिक्षक भी घायल हुए।
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बस में सवार छात्रों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस की मदद से सभी को सीएचसी बिधनू ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टर ने शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। वहीं छात्र रौनक वर्मा की आंख में कांच लगने से चोट आई। छात्र-छात्राओं कनिष्क, मैत्री, सुहानी और कुशाग्र को भी मामूली चोटें आई हैं।
तौधकपुर निवासी 37 वर्षीय शिक्षिका अंजू और जूही निवासी 30 वर्षीय शिक्षक हिमांशु यादव की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं बस में सवार शिक्षक-शिक्षिकाओं अर्पित दीक्षित, दुर्गा चौहान, निखलेश्वर बाजपेई और छात्र रौनक को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
शिक्षिका की मौत से बेसुध हुईं प्रिंसिपल
बस के पीछे कार से आ रहीं स्कूल की प्रिंसिपल सुभांगी सिंह भी सीएचसी पहुंचीं। यहां ऐश्वर्या का शव देखकर वह बेसुध हो गईं।
हादसे के बाद मौके से भाग रहे बस चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और उसके चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.