नवी मुंबई में 3 साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न का आरोप, स्कूल बस ड्राइवर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- नवी मुंबई के कामोठे में मामला सामने आया।
- तीन साल की बच्ची के यौन उत्पीड़न का आरोप।
- स्कूल बस ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई के कामोठे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल बस ड्राइवर पर तीन साल की बच्ची के साथ दरिंदगी करने का आरोप लगा है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल की छुट्टी के बाद जब अन्य बच्चे अपने-अपने घरों पर उतर गए, तब तीन साल की बच्ची वैन में अकेली रह गई। आरोप है कि बच्ची के अकेले होने का फायदा उठाकर ड्राइवर ने उसका यौन उत्पीड़न किया।
पेट में दर्द की शिकायत के बाद सामने आया मामला
घटना का खुलासा तब हुआ जब घर पहुंचने के बाद बच्ची ने अपनी दादी से पेट में दर्द होने की शिकायत की। इसी दौरान बच्ची ने दादी को बताया कि बस के अंदर ड्राइवर अंकल ने उसे परेशान किया था।
इसके बाद बच्ची की दादी ने तुरंत स्कूल प्रबंधन के सामने मामला उठाया और फिर पुलिस से संपर्क किया। बच्ची के मेडिकल परीक्षण में भी यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
स्कूल प्रबंधन के कर्मचारियों के बयान भी होंगे दर्ज
यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किए गए बस ड्राइवर को पुलिस ने गुरुवार को पनवेल की अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे शनिवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान स्कूल प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें 12 वर्ष से कम उम्र की लड़की के साथ बलात्कार से जुड़ी धाराएं और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धाराएं शामिल हैं।
बुधवार दोपहर की घटना
पुलिस के अनुसार, बच्ची रोज अन्य बच्चों के साथ निजी बस से स्कूल आती-जाती थी। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे ड्राइवर कामोठे में किंडरगार्टन और प्राथमिक विद्यालय के छात्रों को उनके घर छोड़ने के लिए बस लेकर निकला था।
जब बाकी बच्चे अपने-अपने गंतव्य पर उतर गए तो तीन साल की बच्ची ड्राइवर के साथ बस में अकेली रह गई। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर बस ड्राइवर ने बच्ची के साथ यह घिनौनी वारदात की।






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.