हस्तिनापुर में सांप से डसवाकर स्कूल संचालक की हत्या, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- हस्तिनापुर में निजी स्कूल संचालक अतुल कुमार की सांप से डसवाकर हत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी दामिनी और उसके प्रेमी तुषार को गिरफ्तार किया है।
- पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने साजिश के तहत सपेरे की मदद से वारदात को अंजाम दिया और हत्या को सांप के काटने की घटना बताने की कोशिश की।
- पुलिस ने मामले में फोरेंसिक जांच के बाद साक्ष्य जुटाए हैं और फरार सपेरे की तलाश जारी है।
हस्तिनापुर कस्बे की जे. ब्लॉक कॉलोनी में शुक्रवार सुबह निजी स्कूल संचालक अतुल कुमार (32) की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, अतुल की पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी और बस चालक तुषार निवासी कोल्हा, मवाना के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। आरोप है कि दोनों ने सपेरे की मदद से सांप से डसवाकर अतुल की हत्या कराई। पुलिस ने दामिनी और तुषार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सपेरे की तलाश जारी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
अतुल कुमार मूल रूप से बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव भंडोरा के रहने वाले थे। वह अपनी पत्नी दामिनी और छह वर्षीय बेटे मानिक के साथ जे. ब्लॉक कॉलोनी में किराये के मकान में रहते थे। वह हस्तिनापुर कस्बे में निजी स्कूल संचालित करते थे।
शुक्रवार सुबह अतुल का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआत में पत्नी दामिनी ने पुलिस को सांप के काटने से मौत होने की जानकारी दी। घटनास्थल पर अतुल के बिस्तर पर एक सांप मिला था, जिसे बाद में लोगों ने मार दिया। अतुल के हाथ और पैर पर सांप के काटने जैसे निशान भी मिले थे।
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी देहात अभिजीत कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच में सामने आई हत्या की साजिश
अतुल के पिता अजब सिंह ने अपनी बहू दामिनी पर हत्या का आरोप लगाया था। एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि अतुल के स्कूल में बस चालक के रूप में काम करने वाले तुषार का दामिनी के साथ काफी समय से प्रेम संबंध था।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके तहत पहले बाजार से नींद की गोलियां खरीदी गईं और उन्हें खाने में मिलाकर अतुल को दिया गया। इसके बाद तुषार ने अपने सपेरे दोस्त को बुलाया।
पुलिस के मुताबिक, रात में जब अतुल सो गए तो सांप से उनके हाथ और पैर पर डसवाया गया। इसके बाद बिस्तर पर सांप छोड़कर तुषार और सपेरा वहां से चले गए। दामिनी ने घटना को सामान्य दिखाने की कोशिश की।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
अतुल की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने घटना को हत्या की साजिश बताते हुए जांच की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ मवाना पंकज लवानिया और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के सामने पत्नी ने बताई थी अलग कहानी
पुलिस के अनुसार, दामिनी ने खुद पर शक न हो इसके लिए पूरी घटना को अलग तरीके से पेश किया। उसने बताया था कि गुरुवार रात गर्मी के कारण वह अपने बेटे के साथ कमरे से बाहर सोने चली गई थी, जबकि अतुल कमरे में ही सो रहे थे।
दामिनी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह जब वह चाय लेकर कमरे में पहुंची तो अतुल अचेत अवस्था में मिले। शोर मचाने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हालांकि जांच के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए दामिनी और तुषार को गिरफ्तार कर लिया। अतुल और दामिनी की शादी करीब आठ वर्ष पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी और दोनों मिलकर कस्बे में स्कूल संचालित कर रहे थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.