वृंदावन पहुंचे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विरोधियों पर हमला, बोले- हिंदू नहीं बचेगा तो हिंदुस्तान कैसे बचेगा?

HIGHLIGHTS
- उन्होंने कहा कि भाषा में त्रुटि हो सकती है, लेकिन भाव में कोई खोट नहीं है।
- धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदुओं से एकजुट रहने की अपील की।
- उन्होंने जातिगत भेदभाव मिटाने का नारा दिया- 'जाति-पाति की करो विदाई, हम सब हैं हिंदू भाई-भाई।'
मथुरा। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वृंदावन पहुंचकर अपने विरोधियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विरोधियों को इस बात से परेशानी है कि वे ठाकुरजी के भक्त बन गए हैं, लेकिन वे औरंगजेब के कलंक को कैसे मिटाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी भाषा में गलती हो सकती है, लेकिन उनके भाव में कोई खोट नहीं है। उनका विरोध किसी बयान को लेकर नहीं, बल्कि हिंदुत्व की एकता की बात करने के कारण किया जा रहा है।
रुक्मिणी विहार स्थित सेठ मुरलीधर मानसिंगका सेवा सदन में मीडिया और श्रद्धालुओं से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सनातन की राह में जोखिम और जख्म बहुत हैं। इस रास्ते पर विरोध आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर हिंदू नहीं बचेगा, तो हिंदुस्तान कैसे बचेगा? सनातनी एकजुट नहीं होंगे, तो हमारे मंदिर, देवालय और तीर्थस्थल सुरक्षित नहीं रह पाएंगे।
हिंदू और हिंदुस्तान के लिए करते रहेंगे कार्य
जातिगत भेदभाव खत्म करने की अपील करते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नारा दिया, 'जाति-पाति की करो विदाई, हम सब हैं हिंदू भाई-भाई।' उन्होंने कहा कि इस विचार के खिलाफ बोलने वाले लोग केवल बहाने बनाकर विरोध कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे हिंदू और हिंदुस्तान के लिए लगातार काम करते रहेंगे, भले ही इसके लिए उन्हें गोली क्यों न खानी पड़े।
बांकेबिहारी के दर्शन किए, कहा- जल्द बनूंगा ब्रजवासी
वृंदावन प्रवास के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सबसे पहले ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने परिक्रमा मार्ग स्थित गौरीगोपाल आश्रम का दौरा किया। इस दौरान ब्रज के प्रति अपना लगाव जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि वे जल्द ही ब्रजवासी बनने वाले हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.