जनेश्वर मिश्र जयंती पर लखनऊ में सपा का शक्ति प्रदर्शन, अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

HIGHLIGHTS
- जनेश्वर मिश्र पार्क में अखिलेश यादव ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
- सपा प्रमुख ने 2027 चुनाव को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
- प्रबुद्धजन सम्मेलन में ब्राह्मण समाज के नेताओं ने लिया हिस्सा
समाजवादी विचारक और पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की जयंती के मौके पर बुधवार को समाजवादी पार्टी ने राजधानी लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन किया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
सुबह करीब 11:30 बजे अखिलेश यादव जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचे। वह गोल्फ कार्ट से प्रतिमा स्थल तक गए। जैसे ही वह कार्ट से उतरकर आगे बढ़े, कार्यकर्ताओं की भीड़ उन्हें घेरने लगी। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित प्रतिमा स्थल तक पहुंचाया गया।
अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां वह ब्राह्मण समाज को साधने के उद्देश्य से आयोजित 'प्रबुद्धजन सम्मेलन' में शामिल हुए। इस सम्मेलन में प्रदेशभर से ब्राह्मण समाज से जुड़े पार्टी नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जनेश्वर मिश्र ने समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। आज भी उनके विचार पार्टी की ताकत हैं।
उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र पार्क में बड़े कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई, लेकिन इससे 2027 में बदलाव की आवाज को रोका नहीं जा सकता। अखिलेश यादव ने कहा कि लोहिया पार्क भले छोटा हो, लेकिन विचारों के लिहाज से वह देश का सबसे बड़ा पार्क है।
PDA को लेकर भाजपा पर निशाना
अखिलेश यादव ने भाजपा पर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति से घबराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा अब पीडीए की नई-नई परिभाषाएं गढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में सभी वर्गों को एकजुट होकर भाजपा को जवाब देना होगा। अखिलेश यादव ने कहा, "जबसे PDA से हारे हैं यह सब कर रहे हैं। जो लोग समय-समय पर PDA की परिभाषा बदलते हैं, वो जान लें, PDA में P पंडित है। PD पंडित का शॉर्ट फॉर्म है। पंडित को जितना सताओगे, पंडित और मजबूत होगा।"
अभिषेक मिश्रा ने लगाए भाजपा सरकार पर आरोप
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा ने भाजपा सरकार पर ब्राह्मणों के फर्जी एनकाउंटर कराने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो किसी भी तरह का एनकाउंटर नहीं होगा। साथ ही मौजूदा सरकार के दौरान हुए सभी कथित फर्जी एनकाउंटरों की जांच कराई जाएगी।
अभिषेक मिश्रा ने कहा कि जांच में यदि किसी अधिकारी की भूमिका सामने आती है, चाहे वह डीजीपी जैसे उच्च पद पर ही क्यों न हो, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर जेल भेजने का काम किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.