IGI Airport पर स्पाइसजेट की फ्लाइट छह घंटे इंतजार के बाद रद्द, 180 यात्री एयरपोर्ट पर फसे

HIGHLIGHTS
- स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 939 में देरी के कारण 180 से ज्यादा यात्री छह घंटे तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे।
- यात्रियों ने एयरलाइन पर सही जानकारी नहीं देने और सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया।
- स्पाइसजेट ने तकनीकी खराबी के कारण फ्लाइट रद्द होने और अतिरिक्त उड़ान चलाने की जानकारी दी।
नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की एक फ्लाइट के यात्रियों को छह घंटे से ज्यादा समय तक परेशानी और अनिश्चितता का सामना करना पड़ा। 27 जुलाई की रात 9:15 बजे उड़ान भरने वाली फ्लाइट संख्या एसजी 939 घंटों देरी से चली, जिसके चलते 180 से अधिक यात्री तड़के 3:30 बजे तक एयरपोर्ट पर ही फंसे रहे।
यात्रियों का बोर्डिंग समय रात 8:45 बजे निर्धारित किया गया था। यात्रियों का आरोप है कि छह घंटे से अधिक समय तक एयरपोर्ट परिसर में इंतजार करने के बावजूद एयरलाइन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई और एयरपोर्ट पर मौजूद स्पाइसजेट कर्मचारियों व यात्रियों के बीच बहस भी हुई। स्थिति को संभालने के लिए सुरक्षाकर्मियों को बुलाना पड़ा।
यात्री रमेश सोनी ने एक्स पर साझा की घटना
पीड़ित यात्री रमेश चंद्र सोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने बोर्डिंग पास की तस्वीर साझा करते हुए डीजीसीए, प्रधानमंत्री कार्यालय और एयरपोर्ट अथॉरिटी से हस्तक्षेप की मांग की।
रमेश सोनी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि यात्री कई घंटों से फंसे हुए हैं। उन्होंने बताया कि विमान में काफी देर से मेंटेनेंस का काम चल रहा था, जिससे विमान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि अगर विमान सुरक्षित नहीं है तो उसे रद कर यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि वह मधुमेह से पीड़ित हैं और लंबे इंतजार के दौरान भूखे-प्यासे रहने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी।
रात 2 बजे से 3:30 बजे तक नहीं मिली उड़ान की सही जानकारी
यात्रियों का कहना है कि रात 2:00 बजे से 3:30 बजे तक भी उड़ान की स्थिति को लेकर कोई सही जानकारी नहीं दी गई। छह घंटे से ज्यादा चले इस पूरे घटनाक्रम के बाद यात्रियों ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए से मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
यात्रियों का आरोप है कि इतने लंबे समय तक इंतजार कराने के बावजूद एयरलाइन की ओर से खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं की गई और न ही सुरक्षा मानकों को लेकर पर्याप्त ध्यान दिया गया।
स्पाइसजेट ने दी सफाई
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि 27 जुलाई, 2026 को दिल्ली से पुणे जाने वाली फ्लाइट एसजी 939 तकनीकी खराबी के कारण पहले देरी से चली और बाद में इसे रद कर दिया गया।
प्रवक्ता के अनुसार, यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए एयरलाइन ने सभी प्रभावित यात्रियों के लिए एक अतिरिक्त उड़ान की व्यवस्था की। उन्होंने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.