प्रणब मुखर्जी की सलाह पर छोड़ी थी TMC, शुभेंदु अधिकारी ने छह साल बाद खोला राज

HIGHLIGHTS
- शुभेंदु अधिकारी ने करीब छह साल बाद तृणमूल कांग्रेस छोड़ने की वजह बताई।
- उन्होंने दावा किया कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की सलाह पर भाजपा में शामिल हुए थे।
- शुभेंदु के मुताबिक, प्रणब मुखर्जी ने उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रहने की सलाह दी थी।
कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने करीब छह साल बाद तृणमूल कांग्रेस छोड़ने के अपने फैसले के पीछे की वजह साझा की है। उनका कहना है कि पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत प्रणब मुखर्जी की सलाह के बाद उन्होंने ममता बनर्जी की पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का रुख किया था।
शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि प्रणब मुखर्जी ने उन्हें सलाह दी थी कि अगर उन्हें अपने दम पर आगे बढ़ना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रहना चाहिए। मंगलवार शाम यहां एक प्रमुख अंग्रेजी आर्थिक समाचार पत्र की ओर से आयोजित ‘बंगाल एसेंड्स’ सम्मेलन में उन्होंने कहा कि प्रणब मुखर्जी उनके वास्तविक सलाहकार और अभिभावक थे।
टीएमसी को बताया बुआ-भतीजे की पार्टी
शुभेंदु ने तृणमूल कांग्रेस को पिसी-भाइपो यानी बुआ-भतीजे की पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि यह पार्टी काफी हद तक एक निजी कंपनी की तरह है। वह वहां केवल कार्यकर्ता बनकर नहीं रहना चाहते थे, इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया।
प्रणब मुखर्जी के सवाल ने बदली राजनीतिक राह
शुभेंदु अधिकारी के मुताबिक, प्रणब मुखर्जी के राष्ट्रपति बनने के बाद वह उनसे मिलने राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। उसी दौरान ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी भी वहां आए थे। शुभेंदु ने बताया कि मुलाकात के दौरान प्रणब मुखर्जी ने उनसे पूछा था कि वह आगे क्या करने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा था कि यदि कार्यकर्ता के तौर पर रहना है तो इसके (भतीजे) साथ रहो और अगर अपने दम पर आगे बढ़ना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रहो। शुभेंदु के मुताबिक, उनकी सलाह पूरी तरह स्पष्ट थी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले पर ज्यादा कुछ बोलने से विवाद खड़ा हो सकता है।
16 दिसंबर 2020 को तृणमूल से दिया था इस्तीफा
गौरतलब है कि 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले शुभेंदु अधिकारी ने मंत्री पद छोड़ दिया था। इसके बाद 16 दिसंबर 2020 को उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था।
इसी साल दिसंबर में अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा के दौरान शुभेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल हो गए थे। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस छोड़ने से पहले ही ममता बनर्जी के साथ उनके राजनीतिक मतभेद बढ़ने लगे थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.