लाखों महिलाएं और बच्चे कुपोषण से जूझ रहे, खरगे ने मोदी सरकार से पूछा- जवाबदेही कहां?

HIGHLIGHTS
- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देश में कुपोषण और एनीमिया की स्थिति पर केंद्र सरकार को घेरा।
- आईसीएमआर-संपदा रिपोर्ट के अनुसार, प्रजनन आयु वर्ग की 55.9 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं।
- किशोरियों और किशोरों में से करीब दो-तिहाई में विटामिन बी12 की कमी बताई गई।
कांग्रेस ने बुधवार को देश में कुपोषण और एनीमिया की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सवाल किया कि जब देश की लाखों महिलाएं और बच्चे कुपोषण से प्रभावित हैं, तो भारत अपने जनसांख्यिकीय लाभांश (डेमोग्राफिक डिविडेंड) का फायदा कैसे उठा पाएगा? उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल पूरे होने के बावजूद जवाबदेही तय नहीं होने पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मोदी सरकार की अपनी आईसीएमआर-संपदा रिपोर्ट के अनुसार, प्रजनन आयु वर्ग की 55.9 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं। वहीं, किशोरियों और किशोरों में से करीब दो-तिहाई में विटामिन बी12 की कमी पाई गई है। एक से चार साल की उम्र के 42 प्रतिशत बच्चे एनीमिया से प्रभावित हैं। गुजरात में प्रजनन आयु वर्ग की 66 प्रतिशत महिलाओं और छोटे बच्चों में से 57 प्रतिशत को एनीमिया है।
खरगे ने कहा कि सरकार भले ही एनीमिया के हल्के मामलों पर ध्यान केंद्रित कर रही हो, लेकिन इससे यह तथ्य नहीं बदलता कि प्रजनन आयु वर्ग की करीब 30 प्रतिशत महिलाएं मध्यम या गंभीर एनीमिया से जूझ रही हैं। उनके मुताबिक, नवीनतम राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 (एनएफएचएस-6) के आंकड़े भी बताते हैं कि लगभग एक-तिहाई बच्चे कम वजन के हैं और हर पांच में से एक बच्चा गंभीर कुपोषण से प्रभावित है।
पोषण योजनाओं के बजट और खर्च पर भी उठाए सवाल
खरगे ने सरकार के वित्तीय रिकॉर्ड का हवाला देते हुए बताया कि सक्षम आंगनवाड़ी, पोषण 2.0 और इनसे पहले संचालित योजनाओं के तहत छह वित्तीय वर्षों में 1.13 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि जारी की गई। इसके बावजूद, केवल चार वर्षों में पोषण 2.0 के तहत जारी रकम और खर्च की गई राशि के बीच 2,500 करोड़ रुपये से अधिक का अंतर रहा। उन्होंने कहा कि मूल पोषण अभियान के तहत जारी की गई करीब 44 प्रतिशत राशि खर्च ही नहीं की गई।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय बजट में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की हिस्सेदारी लगभग आधी हो गई है। वर्ष 2015-16 में यह 0.96 प्रतिशत थी, जो 2025-26 में घटकर 0.50 प्रतिशत रह गई। खरगे ने सवाल किया कि मोदी सरकार के 12 साल, कई पोषण योजनाओं, फोर्टिफाइड चावल और आयरन सप्लीमेंट कार्यक्रमों के बाद भी जवाबदेही कहां है?
आईसीएमआर के सर्वेक्षण में क्या सामने आया?
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से सोमवार को जारी संपदा सर्वेक्षण के नतीजों के मुताबिक, भारत में एनीमिया का प्रसार पिछले राष्ट्रीय सर्वेक्षणों में दर्ज आंकड़ों की तुलना में कम है। सर्वेक्षण में ज्यादातर आयु वर्गों में गंभीर एनीमिया के मामले दो प्रतिशत से भी कम पाए गए।
संपदा का पूरा नाम 'सर्वे फॉर असेसमेंट ऑफ मार्कर्स ऑफ पॉपुलेशन हेल्थ, एक्टिविटी, डाइट एंड एंथ्रोपोमेट्री' है। यह सर्वेक्षण 2023 से 2025 के बीच कराया गया। इसमें 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों के 81 हजार से अधिक परिवारों के दो लाख से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया।
अलग-अलग आयु, लिंग और शारीरिक स्थितियों वाले समूहों में हीमोग्लोबिन का स्तर जानने के लिए 1.7 लाख से अधिक रक्त के नमूनों का विश्लेषण किया गया। स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के अनुसार, सर्वेक्षण के नतीजों से पता चला कि एनीमिया के ज्यादातर मामले हल्के स्तर के हैं। इससे शुरुआती चरण में ही हस्तक्षेप करने और उपचार शुरू करने का अवसर मिलता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.