सूरत में एक ही परिवार के 6 लोगों को नहर में फेंका, 3 की मौत; दो अब भी लापता

HIGHLIGHTS
- महाराष्ट्र के जलगांव के एक परिवार के छह सदस्यों को अगवा कर नहर में फेंकने का आरोप।
- घटना 21 नवंबर को गुजरात के सूरत के पास हुई।
- पति नितिन उर्फ भूरिया पाटिल, पत्नी कविता और 9 साल की बेटी के शव बरामद।
सूरत। गुजरात के सूरत जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महाराष्ट्र के जलगांव से आए एक ही परिवार के छह सदस्यों को कथित तौर पर अगवा कर उकाई-काकरापार नहर में फेंक दिया गया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग अभी भी लापता हैं। वहीं, 13 साल का एक लड़का अपनी जान बचाने में सफल रहा।
यह घटना 21 नवंबर को बारडोली तालुका में हुई। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। वे परिवार के परिचित बताए जा रहे हैं।
शिकायत के मुताबिक, परिवार किसी काम से सूरत जा रहा था। इसी दौरान बारडोली के उवा गांव के पास दूसरी गाड़ी में आए चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
13 साल के लड़के ने तैरकर बचाई जान
रविवार सुबह महुवा के पास नहर से तीन शव बरामद किए गए। इनमें एक पति-पत्नी भी शामिल थे। उनका 13 वर्षीय बेटा किसी तरह तैरकर नहर से बाहर निकल आया और लोगों से मदद मांगी।
बारडोली ग्रामीण पुलिस इंस्पेक्टर पीएन जडेजा ने बताया कि परिवार के दो अन्य बच्चे, एक दो साल का बच्चा और 16 साल का लड़का अब भी लापता हैं।
उन्होंने कहा कि लापता लोगों की तलाश की जा रही है। साथ ही इस वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश भी जारी है।
पुलिस अधीक्षक (सूरत ग्रामीण) राजेश गढ़िया ने बताया, 'रविवार सुबह एक 13 साल का लड़का पुलिस स्टेशन पहुंचा। वह मराठी में बात कर रहा था। पूछताछ करने पर पता चला कि परिवार किसी काम से गाड़ी में सूरत जा रहा था।'
बच्चे ने पुलिस को सुनाई पूरी वारदात
बचाए गए बच्चे ने पुलिस को बताया कि घटना वाली रात एक दूसरी गाड़ी उनका पीछा कर रही थी। परिवार की गाड़ी रुकवाने के बाद आरोपियों ने उसके माता-पिता और दो साल के छोटे भाई या बहन को एक गाड़ी में बैठा लिया। वहीं, बच्चे को उसके 16 साल के भाई और 9 साल की बहन के साथ दूसरी गाड़ी में ले जाया गया।
लड़के के मुताबिक, उसे, उसके 16 वर्षीय भाई और 9 साल की बहन को नहर में फेंक दिया गया। वह किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया और उसने घर पर मौजूद अपनी सबसे बड़ी बहन से संपर्क किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि टीम ने सबसे बड़ी बहन को बुलाकर उसका बयान दर्ज किया और मामले में केस दर्ज कर लिया।
पति-पत्नी और 9 साल की बेटी के शव मिले
पुलिस के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान महुवा तालुका के डुंगरी के पास उकाई-काकरापार नहर से एक पुरुष, एक महिला और एक बच्ची के शव बरामद किए गए।
परिजनों ने तीनों शवों की पहचान की। मृतक पुरुष की पहचान नितिन उर्फ भुरिया पाटिल के रूप में हुई, जबकि महिला की पहचान उनकी पत्नी कविता पाटिल के तौर पर की गई। अधिकारी के मुताबिक, तीसरा शव उनकी नौ साल की बेटी का है।
राजेश गढ़िया ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की छह टीमें और एक विशेष तकनीकी टीम गठित की गई हैं। आरोपियों की पहचान कर ली गई है।
एक अधिकारी ने बताया कि कविता पाटिल के पहले पति का निधन हो चुका था। इसके बाद वह नितिन के साथ रह रही थीं।
फिलहाल 16 साल का लड़का और दो साल का बच्चा लापता हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस और फायर विभाग की टीमें नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.